पहले और अब

cropped-cropped-finaltry002-1.png
जब-जब लौटता हूँ
अतीत में
यही पाता हूँ कि
पहले और अब में
बहुत बड़ा फर्क है
उतना ही कि जितना
निष्कलुष बचपन और
स्वार्थ भरी जवानी में
वात्सल्य और वासना में
आग और पानी में
ज़मीन और आसमान में
माघ-पूस और जेठ के तापमान में l
यानि कि,
उतनी ही विपरीतता
जितनी कि इंसान और हैवान में
पहले अभावों में भी था भाव
गैरों में भी अपनों-सा लगाव
घर में वस्तुओं के लिए कम
लोगों के लिए ज़्यादा जगह थी
अब वस्तुएं ही वस्तुएं हैं सारे घर में
घेरे बैठी हैं
कमरा-कमरा,आहाता,दालान
यानि कि,
घर का चप्पा-चप्पा l
कहाँ खेलें बच्चे
कहाँ बैठें-उठें
बूढ़े मां-बाप
पहले वस्तुएं हटाई जाती थीं
उनके उठने-बैठने की सुविधा के लिए
अब वे उठाए जाते हैं
वस्तुएं सही ढंग से समायोजित करने के लिए l
पहले थे लोग दयालु
अब ईर्ष्यालु
पहले अपने और पराएपन
मिलते थे
अलग-अलग लिबास में
दूर से ही पहचाने भी जा सकते थे
अब एक ही में रहते हैं
पहचाने ही नहीं जाते कि
किस आस्तीन में सांप है
और किसमें मित्र l
पहले मिलते ही
सामने वाले का स्वास्थ्य पूछते थे लोग
और,
घर-परिवार का हाल भी तफ़सील से
गोया
मेरे भी बच्चे,मां-बाप
उतने ही उनके भी हों जितने कि मेरे l
हाथ मिलाने वालों की
हथेलियों में भरी रहती थी इतनी ऊष्मा कि
उसके अपनेपन की गर्म धारा से
गमक उठता था दिल,
अब तो मिलने वाले हाथ
इतने ठंडे होते हैं कि,
छूटती है झुरझुरी अपने भी बदन से l
अब चुक गए हैं उनके शब्द
पूछ्ते भी हैं तो बस
पद और वेतन पूछते हैं
पहले मुझे चाहते थे लोग
अब मेरे पद,पैसे और पहुंच को चाहते हैं।

                                                  #डॉ. गंगा प्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’

परिचय: डॉ. गंगा प्रसाद शर्मा का साहित्यिक उपनाम ‘गुणशेखर’
है l आप कुआंगतोंग वैदेशिक अध्ययन विश्वविद्यालय
(कुआंगचौ,कुआंगतोंग प्रांत,चीन) में प्राध्यापक रहे हैं l श्री शर्मा की जन्मतिथि-१ नवम्बर १९६२ और जन्म स्थान समशेर नगर,बहादुरगंज है l आपका खुशहाल परिवार है,जो जिला-सीतापुर(राज्य-उतर प्रदेश) में बसा हुआ हैl शिक्षा-एम.ए.,एम.एड. ,नेट(यूजीसी फेलोशिप प्राप्त),पीएचडी है तो हिन्दी,संस्कृत, अंग्रेजी,उर्दू और फ़ारसी(आंशिक रूप से) भाषा का भी आपको ज्ञान है l प्रकाशित कृतियों में-‘सप्तपदी’ और ‘समय की शिला पर’ के सहयोगी दोहाकार(वर्ष१९९५-९६),मेरी सोई हुई संवेदना (कविता संग्रह),हर जवाँ योजना परधान के हरम में(गज़ल संग्रह),डरा हुआ आकाश(दोहा संग्रह),अफसर का कुत्ता,पुलिसिया व्यायाम(दोनों व्यंग्य संग्रह)और आधुनिक भारत के बहुरंगी दृश्य(२००५)सहित दलित साहित्य का स्वरूप विकास और प्रवृत्तियाँ (२०१२),तथा हिन्दी साहित्य का सरल और संक्षिप्त इतिहास (गुआंगदोंग अंतर्राष्ट्रीय वैदेशिक अध्ययन विश्वविद्यालय,ग्वाम्ज्हाऊ,चीन के स्नातक तृतीय वर्ष के पाठ्यक्रम में सम्मिलित) ख़ास है l सम्मान व पुरस्कार के रूप में आपको साहित्य शिरोमणि सम्मान(१९९९,उप्र),तुलसी सम्मान (२००५,उप्र)और विश्व हिन्दी सेवी सम्मान(उ.प्र.) मिल चुका है l वर्तमान में आप सूरत के पंचवटी में हैं जबकि,स्थाई निवास सीतापुर(उप्र) है l

matruadmin

Next Post

`यस,आई एम फ्रॉम इन्डिया`

Mon Aug 28 , 2017
यही कोई दस साल पहले की बात है,जब मैं अफ्रीका में एक योजना पर काम कर रहा था। हमारा कैम्प शहर से काफी दूर था,जो जंगल और पहाड़ियों का मिश्रित इलाका था। दिन में तो फिर भी योजना में काम करने वाली कंपनियों की गाड़ियां और आते-जाते लोग दिख जाते थे,लेकिन शाम होते-होते सन्नाटा-सा […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।