
इंटरनेट पर सूचनाओं की भीड़ के बीच हिन्दी साहित्य को एक विश्वसनीय ठिकाना देना आसान नहीं था। लेकिन दस साल पहले देखा गया एक सपना आज लाखों पाठकों और हज़ारों रचनाकारों का साझा मंच बन चुका है।
11 नवम्बर 2016 को शुरू हुआ यह मंच आज दस वर्ष पूरे कर चुका है। एक ऐसी वेबसाइट, जिसने हिन्दी के रचनाकारों को डिजिटल संसार में अपनी बात कहने का अवसर दिया, नवोदित लेखकों को पहचान का मंच दिया और पाठकों को उत्कृष्ट साहित्य से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया। और देखिए, देखते ही देखते यह प्रयास एक बड़े साहित्यिक आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
मातृभाषा डॉट कॉम की सह-संपादक के रूप में इस यात्रा का हिस्सा होना मेरे लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि एक सुखद साहित्यिक अनुभव और आत्मिक संतोष का विषय है। संपादन के इस सफ़र में शब्दों को पढ़ने के साथ-साथ उनके पीछे छिपे भावों, रचनाकारों की मेहनत, उनकी उम्मीदों और उनकी साहित्यिक आकांक्षाओं को भी क़रीब से समझने का मुझे अवसर मिला है।
हर दिन आने वाली रचनाएँ, नए लेखकों का उत्साह, स्थापित साहित्यकारों का विश्वास, प्रकाशित शब्दों की प्रतीक्षा करते रचनाकार और उन शब्दों को आत्मीयता से पढ़ते पाठक, इन सबने इस मंच को मेरे लिए एक परिवार जैसा बनाया है।
किसी भी मंच की वास्तविक पहचान उसके पीछे खड़े लोगों से बनती है। इसलिए उन सभी रचनाकारों का हृदय से आभार, जिन्होंने अपनी लेखनी से इस मंच को समृद्ध किया। उन पाठकों का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने अपना समय, स्नेह और विश्वास देकर हमारी इस यात्रा को अर्थ दिया। संपादकीय सहयोगियों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े प्रत्येक हिन्दीप्रेमी का भी हार्दिक आभार।
पाँच मिलियन से अधिक पाठकों तक पहुँचना और पचास हज़ार से अधिक वेब पृष्ठों पर हिन्दी साहित्य को संजोना निश्चित ही गर्व का विषय है, लेकिन मेरे लिए इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है हिन्दी के शब्दों को नए पाठकों तक पहुँचते देखना और नए रचनाकारों को अपनी पहचान बनाते देखना।
दस वर्ष पूरे हुए हैं, लेकिन यह किसी पड़ाव पर ठहरने का नहीं, बल्कि और अधिक संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर है।
मेरी कामना है कि मातृभाषा डॉट कॉम आने वाले वर्षों में भी साहित्य की नई प्रतिभाओं को मंच देता रहे, भारतीय भाषाओं के सम्मान और हिन्दी के उन्नयन के लिए नए प्रतिमान स्थापित करे, क्योंकि यह केवल एक वेबसाइट नहीं, उन असंख्य शब्दों का घर है, जिन्हें पढ़ा जाना चाहिए, सुना जाना चाहिए और सहेजा जाना चाहिए।
मातृभाषा डॉट कॉम के दस गौरवशाली वर्षों पर पूरी टीम, सभी रचनाकारों और पाठक परिवार को हृदय से बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ।
सस्नेह,
भावना शर्मा,
सह-संपादक, मातृभाषा.कॉम

