
भारतीय भाषाओं से जुड़ाव से हिंदी होगी समृद्ध- प्रो. पूरनचंद टंडन
नई पीढ़ी में बढ़ रही है भाषाई जागरुकता- प्रो. के. जी. सुरेश

नई दिल्ली। मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की साहित्यिक यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मातृभाषा उन्नयन संस्थान, दिल्ली इकाई ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज स्थित नए संगोष्ठी कक्ष में ‘दशक उत्सव एवं भाषा सारथी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) रमा शर्मा ने की। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश तथा सारस्वत अतिथि प्रो. (डॉ.) पूरनचंद टंडन उपस्थित रहे।
मातृभाषा डॉट कॉम की सह-संपादक भावना शर्मा ने अतिथियों का शब्द स्वागत एवं स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश ने कहा कि देश का वातावरण बदल रहा है और सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। नई पीढ़ी में अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरुकता बढ़ रही है। यह भाषा के भविष्य के लिए एक सुखद संकेत है।
समारोह अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रमा ने मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की साहित्यिक यात्रा की सराहना करते हुए संस्थान को शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में भी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर सक्रिय रहने की कामना की।
सारस्वत अतिथि प्रो. (डॉ.) पूरनचंद टंडन ने कहा कि हिंदी की समृद्धि के लिए भारतीय भाषाओं के साथ हमारा जुड़ाव और संवाद मज़बूत होना आवश्यक है। सभी भारतीय भाषाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने से हिंदी का दायरा भी विस्तृत होगा और वह अधिक समृद्ध बनेगी।

आयोजन में पत्रकार एवं शिक्षाविद् प्रो. सदानंद पांडे, राम अवतार बैरवा, सहायक निदेशक, आकाशवाणी, प्रो. हरीश अरोड़ा, प्रोफ़ेसर, पीजीडीएवी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय, डॉ. विजय कुमार मिश्र, सहायक प्रोफ़ेसर, हंसराज कॉलेज, डॉ. सुशील द्विवेदी, सहायक संपादक, साहित्य अकादमी, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, डॉ. आरती, व्याख्याता (हिंदी), शिक्षा विभाग, दिल्ली, ओम प्रकाश प्रजापति, संपादक ट्रू मीडिया समूह, डॉ. दलजीत सचदेवा, मीडिया विशेषज्ञ, वागीश शर्मा, अधिवक्ता उच्चतम न्यायालय, सुनील जैन राही, वरिष्ठ साहित्यकार, ओम प्रकाश सपरा, मनोज कामदेव, डॉ. विवेक गौतम एवं शकील अहमद सैफ़ को भाषा सारथी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामना मिश्रा ने व आभार सुरभि सप्रू ने व्यक्त किया। इस मौके पर संस्थान से भागीरथ सिन्हा व अन्य सुधीजन मौजूद रहे।
