
नई दिल्ली। साहित्य, काव्य और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित प्रथम राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं साहित्य सम्मान समारोह में साहित्यकार एवं साहित्यग्राम की सह संपादक भावना शर्मा को सम्मानित किया गया।
विश्व आरोग्य संवर्धन संस्थान की साहित्यिक इकाई ‘काव्य सुगंधा-प्रदीप’ के तत्वावधान में प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया, नई दिल्ली में यह समारोह आयोजित हुआ।
समारोह में साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय रचनाकारों और साहित्यिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने वाली विभूतियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात लेखक नन्द कुमार झा ने की। पूर्व आयुष मंत्रालय सदस्य डॉ. दिनेश उपाध्याय मुख्य अतिथि रहे, डॉ. संदीप कुमार और डॉ. नरेन्द्र त्यागी ‘नीर’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व सचिव, भारत सरकार डॉ. रवीश गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इसी अवसर पर भावना शर्मा को सम्मान-चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान साहित्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और रचनात्मक सक्रियता के लिए विशेष महत्त्व रखता है।
भावना शर्मा साहित्य और प्रकाशन जगत में निरंतर सक्रिय हैं। वे कहानीकार व मातृभाषा उन्नयन संस्थान भारत की राष्ट्रीय सचिव होने के साथ-साथ साहित्य ग्राम और मातृभाषा डॉट कॉम की सह-संपादक भी हैं। लेखन, संपादन और साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से वे हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रसार में योगदान दे रही हैं।
समारोह में गीत, ग़ज़ल, हास्य-व्यंग्य और ओजपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों ने साहित्यप्रेमियों को भावविभोर किया। आयोजन का उद्देश्य साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ कविता के माध्यम से सकारात्मक चिंतन और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करना रहा।
भावना शर्मा का सम्मान साहित्यिक कर्म के प्रति प्रोत्साहन का एक महत्त्वपूर्ण अवसर रहा।
