
हिन्दी का श्रेष्ठ लेखन अपने पाठकों तक सहज रूप से पहुँचे और पाठकों को भी गुणवत्ता युक्त सामग्री पढ़ने के लिए मिले, इसी उद्देश्य से 11 नवम्बर 2016 को एक वेबसाइट आरम्भ की गई, जो वर्तमान में एक वेबसाइट न होकर आंदोलन बन गई।
प्रारंभिक संघर्षों के बाद यह यात्रा निर्बाध रूप से गतिमान है, जिसमें साहित्य का उन्नयन, साहित्य पत्रकारिता, काव्य उत्सव, पुस्तक चर्चा इत्यादि विषय जुड़ते गए और आज हम सर्जना के दस वर्षों का दशक उत्सव मनाने जा रहे हैं। अब यह यात्रा देश के सबसे बड़े और मज़बूत हिन्दी आन्दोलन में परिवर्तित हो गई, ये सब आपके होने से हुआ।
कभी केवल यह सोचा था कि हिन्दी के रचनाकारों, नवोदित लेखकों को प्रकाशन का एक डिजिटल मंच प्रदान करें, क्योंकि समय की माँग है डिजिटल उपस्थिति। कारण भी स्पष्ट है, आजकल व्यक्ति की खोज, उसके लेखन की खोज, पाठकों की खोज भी अख़बार या पत्र-पत्रिकाओं अथवा किताबों में नहीं खोजी जाती, पहली खोज गूगल यानी इंटरनेट पर की जाती है। उसी को संज्ञान में रखते हुए विचार आया था कि साहित्य और हिन्दी के रचना संसार को डिजिटल समृद्ध करने में हम भी अपना योगदान दें। आज यह योगदान 10 वर्षों का अभिनव प्रकल्प बन गया।
वेबसाइट matrubhashaa.com ने अपने विकास के कई चरण पार किए, तब जाकर 5 मिलियन पाठकों की प्रिय बन पाई है। इस वेबसाइट पर हिन्दी के विभिन्न आयाम, विधाओं में लेखन एक जगह उपलब्ध करवाकर हिन्दी का पाठक परिवार स्थापित करने का उद्देश्य निहित था।
आज गर्वित हृदय से इस बात को कह सकते हैं कि एक नन्हा दीपक भी रोशनी फैलाने का कार्य बख़ूबी कर सकता है।
#मातृभाषा.कॉम से #मातृभाषा_उन्नयन_संस्थान की यात्रा भी कई मायनों में उत्कृष्ट हो गई। एक वेबसाइट अब आंदोलन बन गई, जिसमें हज़ारों रचनाकारों का लेखन उपलब्ध है। अब साहित्य पत्रकारिता के नए फ़लक की तैयारी आरम्भ हो चुकी है।
हिन्दीयोद्धाओं की अहर्निश हिन्दी सेवा के फलस्वरूप पचास हज़ार से ज़्यादा वेब पृष्ठों में मातृभाषा डॉट कॉम संजोया है।
मैं उन सभी अद्वितीय हिन्दी योद्धाओं को एवं उनके हिन्दी माँ के प्रति कर्त्तव्यों को नमन करता हूँ। आज उनकी आहुतियों से संचालित यह आंदोलन न केवल हिन्दी भाषा को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है बल्कि हिन्दी सहित सभी भारतीय भाषाओं के सम्मान को अक्षुण्ण रखते हुए शिखर कलश की स्थापना के लिए भी कार्यरत है।
मैं उन सभी हिन्दी सेवकों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ, जिनकी स्तरीय रचनाओं से 50 लाख पाठकों का परिवार लाभान्वित हो रहा है एवं मैं उन पाठकों का भी हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ, जिनकी रुचि के चलते हिन्दी का सृजन जनमानस तक पहुँच पा रहा है।
हृदय से सभी के अवदान को नमन
आज 10 वर्ष की इस यात्रा के प्रत्येक सहयोगियों को हृदय से धन्यवाद, आगे भी आपका यही प्यार और हिन्दी के प्रति समर्पण बना रहे, इसी कामना के साथ…..
जय हिन्दी
डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
संस्थापक- मातृभाषा.कॉम
www.matrubhashaa.com
#मातृभाषा_उन्नयन_संस्थान #मातृभाषा #Matrubhashaa
