अदालत के बाहर पुलिस से घिरा शाजिद मौन धारण किए खड़ा था,जैसे उसे मृत्यु बोध का आभास हो। बाहर निकलते ही इरफान साहब को देखते शाजिद चिल्ला उठा-अब्बू आपने ये ठीक नहीं किया।इरफान साहब रुके और शाजिद के पास जाकर-क्या अभी भी तुझे ऐसा लग रहा है कि मैंने ठीक नहीं किया?
हाँ,हाँ,अपने ठीक नहीं किया।
मैं एक न्यायाधीश हूँ,तेरा अब्बू नहीं। तूने जो गुनाह किए,उसके लिए अगर मैं तुझे माफ कर देता तो ऊपरवाला मुझे कभी माफ नहीं करता।
माफ नहीं करता ?अरे आप बाप के नाम पे कलंक हो।
शाजिद अपनी सारी सीमाओं को,आज लांघ चुका था।
और तूने जो दुष्कर्म उस लड़की के साथ किया उसके लिए क्या मैं तुम्हे इंसान पे कलंक न कहूँ।
अब्बू आप रहने दो,आप अपनी ईमानदारी का बखान न करो।
आज भी तुझे अफसोस नहीं हो रहा शाजिद ?
अफसोस! किस बात का ? न्यायाधीश का बेटा हूँ,अगर कुछ मजे ले भी लिए तो क्या फर्क पड़ता था।
क्या तुझे कुछ भी फर्क नहीं पड़ा आज भी ?
अरे जाओ अब्बू,जमाना आपको कभी माफ नहीं करेगा। आप तड़पोगे अपने ही दिए फैसले पर,लोग जब आपसे सवाल पूछेंगे अपने ही बेटे पर आपने मृत्युदंड का फैसला कैसे सुनाया। तब आप क्या जवाब देंगे ?
इरफान साहब अपने को रोक न पाए,मैं तुमसे एक बात पूछूं!जवाब दोगे ?
अरे आपका हर सवाल मेरे लिए कांटे से कम नहीं,लेकिन आप पूछ ही लो। मुझे मलाल नहीं रहेगा कि आपके सवालों का जवाब दिए बगैर मैं चला गया। आप पूछ ही लो।अगर तेरी बहन अमीना के साथ किसी ने ऐसा कुछ किया होता,जो तुमने उस लड़की के साथ किया तो तुम क्या करते ? आज भी तुझे अपने कुकर्मों पर अफसोस के बजाए गर्व हो रहा है। मैं आज खुशी महसूस कर रहा हूँ अपने फैसले पर और इस फैसले पर हमेशा मुझे फक्र महसूस होगा। जब भी किसी बड़े पद पर बैठे इंसान का कोई रिश्तेदार या बेटा गलत करेगा,उसे मेरे इस फैसले के बारे में सोचना होगा। वो हमेशा यह महसूस कर फैसला देगा कि,अगर उसके साथ होता तो ? मैंने तुझे मृत्युदंड दिया,इससे भी ज्यादा कोई दंड होता तो मैं वो फैसला देता,लेकिन मेरे पास तेरे कुकर्मों के लिए कानून का एक ही सबसे बड़ा दंड था,और वो था मृत्युदंड। ले जाइए इसे मेरी आँखों से दूर।
न्यायाधीश साहब के जाने के बाद शाजिद फिर चिल्लाया-सच कहा अब्बू,अगर मेरी बहन अमीना के साथ ये सब होता तो मैं क्या करता ? हाँ, हाँ, अपने ठीक फैसला सुनाया अब्बू। हाँ, हाँ,आपने ठीक फैसला सुनाया। मेरे कुकर्मों के लिए मृत्युदंड दंड ही मेरा प्रायश्चित है,हाँ मृत्युदंड ही…।
#प्रभात कुमार दुबे