नशा करेगा नाश: वामा साहित्य मंच की गोष्ठी में गूँजा नशा मुक्ति का संकल्प

​नशे के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाना हमारा युद्ध है और इसे हमें ही लड़ना है और हमें ही जीतना है – डॉ. निखिल ओझा

​इंदौर। साहित्य और सामाजिक जागरुकता को समर्पित शहर की प्रतिष्ठित संस्था वामा साहित्य मंच द्वारा नशा निरोधक दिवस के उपलक्ष्य में विशेष मासिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी का मुख्य विषय ‘नशा करेगा नाश’ रखा गया, जिसके माध्यम से समाज को व्यसन मुक्त बनाने का संदेश दिया। ​कार्यक्रम श्रुति शर्मा द्वारा सुरमयी सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से आरंभ हुआ।

अध्यक्ष ज्योति जैन ने शब्द-पुष्पों से अतिथियों का स्वागत किया और संस्था का परिचय दिया। उन्होंने नशे की तुलना एक ऐसे धीमे विष से की, जो तन और मन को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है। साहित्यकारों को शब्दों और स्वाध्याय का नशा करने की सलाह देते हुए उन्होंने एक स्लोगन के माध्यम से अपनी बात रखी- ‘नशे से जो तौबा कर लेता, परिवार आज यूँ ना बिखरता।’
आयोजन का मुख्य आकर्षण वामा सखियों द्वारा स्वरचित प्रेरक स्लोगन (नारे) लिखकर उनका वाचन करना रहा, जिसका उद्देश्य राष्ट्र तक नशा मुक्ति का सशक्त संदेश पहुँचाना था। साथ ही, नीरजा जैन, अनिता जोशी, सुनीता दुबे और उषा गुप्ता ने सुबह का तारा नामक जीवंत नाटिका की प्रस्तुति कर नशा मुक्ति के मानवीय पक्ष को उजागर किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. निखिल ओझा (व्यसन मुक्ति विशेषज्ञ एवं संस्थापक, नवचेतना नशा मुक्ति केंद्र) थे। कार्यक्रम संयोजकों और सचिव ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।

डॉ. ओझा ने बताया कि ‘नशे की समस्या को मानसिक रोग की श्रेणी में काफ़ी बाद में रखा गया, जबकि यह समाज को शारीरिक और आर्थिक रूप से खोखला कर रही है।’
​उन्होंने ज़ोर देकर कहा, ‘नशे का उपचार कठिन, लंबा और महँगा है, इसलिए हमारा पूरा ध्यान रोकथाम और जागरुकता पर होना चाहिए।’ उन्होंने मोबाइल की लत को भी नशे के समान ही घातक बताया और स्कूली पाठ्यक्रम में नशा मुक्ति की जानकारी शामिल करने की आवश्यकता जताई।

इस अवसर पर मंच द्वारा दो लेखिकाओं डॉ. गरिमा संजय दुबे व अर्चना मण्डलोई तथा दो यशस्वी पत्रकारों मुकेश तिवारी व डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ का सम्मान किया गया।

​कार्यक्रम का सफल संचालन शिरीन भावसार ने व आभार वाणी जोशी ने माना। सचिव स्मृति आदित्य ने एक सुखी और सुरक्षित परिवेश के निर्माण के लिए सभी से नशा मुक्ति के संदेश को प्रसारित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित प्रबुद्ध लेखिकाओं ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

matruadmin

Next Post

आवश्यक है लेखकों के लिए मीडिया की शक्ति

Sat May 9 , 2026
​आज के डिजिटल युग में, सिर्फ़ एक अच्छी किताब लिखना ही काफ़ी नहीं है। एक लेखक के रूप में अपनी पहचान बनाना और अपनी रचनाओं को पाठकों तक पहुँचाना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है। मीडिया के विभिन्न रूप आप परंपरागत समाचार पत्रों से लेकर अत्याधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म तक पहुँचकर […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।