
आज के डिजिटल युग में, सिर्फ़ एक अच्छी किताब लिखना ही काफ़ी नहीं है। एक लेखक के रूप में अपनी पहचान बनाना और अपनी रचनाओं को पाठकों तक पहुँचाना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है। मीडिया के विभिन्न रूप आप परंपरागत समाचार पत्रों से लेकर अत्याधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म तक पहुँचकर एक लेखक अपनी ब्रांडिग तो करता ही है वरन् जनता यानी पाठक को आपके बारे में, आपके लेखन को पढ़ने के बारे में जानने, समझने और अनुभूत करने का अवसर भी प्रदान करता है।
हमेशा लेखन जगत् से जुड़े लोग इस बात को कमतर आँकते हैं कि सोशल मीडिया पर उपलब्धता और अधिक सक्रियता उनकी लेखकीय क्षमता को कमज़ोर करती है, जबकि ऐसा हमेशा सही नहीं होता।
जो व्यक्ति सोशल मीडिया अथवा न्यूज़ वेबसाइट, समाचार पत्र-पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होता रहता है, उनकी रचनाएँ इत्यादि प्रकाशित होती रहती हैं, वह सक्रिय के साथ-साथ पाठकों का ध्यानाकर्षण भी करता है।
पाठक ऐसे लोगों को पढ़ने के लिए भी व्याकुल होता है, जिनसे वह परिचित हो जाता है। और समाचार माध्यम, रील, न्यूज़ वेबसाइट इत्यादि पर उपलब्धता उस व्यक्ति के बारे में गूगल पर भी जानकारी देती है, मेटा को भी वहीं से डेटा मिलता है। इनके कारण व्यक्ति के बारे में जानकारियाँ भी लोगों तक सहज रूप से पहुँचती हैं।

मीडिया में सक्रियता के कुछ लाभ भी हैं, जैसे-
विश्वव्यापी पहचान: डिजिटल दुनिया में, समाचार वेबसाइट, सोशल मीडिया पर सक्रियता से आप अपनी भौगोलिक सीमाओं को लाँघकर दुनिया भर के पाठकों तक पहुँच सकते हैं।
साहित्यिक समुदाय और नेटवर्क: साहित्यिक समाचार पत्र और चर्चाएँ आपको अन्य लेखकों, प्रकाशकों और साहित्य प्रेमियों से जोड़ती हैं, जिससे आप एक मज़बूत नेटवर्क बना सकते हैं।
लेखक के रूप में अधिकार: आपकी रचनाओं के बारे में सकारात्मक मीडिया कवरेज आपको एक अधिकारिक और विश्वसनीय लेखक के रूप में स्थापित करता है।
करियर विकास और प्रमाण: पुस्तक समीक्षाएँ और पुरस्कार आपके करियर के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आपकी प्रतिभा को प्रमाणित करते हैं।
अधिक पुस्तकें बेचना: प्रभावी मीडिया प्रचार तो सीधे तौर पर पुस्तकों की बिक्री बढ़ाता है। जितना लोग आपके बारे में जानेंगे आपकी किताबों को ख़रीदने के लिए उत्सुक होंगे।
वित्तीय स्वतंत्रता और रॉयल्टी: बढ़ती बिक्री के साथ-साथ आपकी वित्तीय स्वतंत्रता और रॉयल्टी में भी वृद्धि होती है।
पाठकों के साथ जुड़ाव: सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म और मीडिया कहानियों के माध्यम से आप अपने पाठकों के साथ सीधा जुड़ाव बना सकते हैं और उनकी प्रतिक्रिया जान सकते हैं।
इनके अतिरिक्त ‘रील’, पुस्तक चर्चा, समीक्षा जैसे प्रकल्पों के माध्यम से भी पाठकों तक गहरी पैठ बना सकते हैं। और आजकल मातृभाषा डॉट कॉम (matrubhashaa.com) सहित कई वेबसाइट हैं, जहाँ आपकी पुस्तकों की समीक्षा इत्यादि प्रकाशित होती है, वहाँ अपनी पुस्तकें भेजकर, समीक्षा इत्यादि भेजकर वहाँ से भी पाठकों को आकर्षित कर सकते हैं। यह स्पष्ट है कि आज के समय में सोशल मीडिया और ऑनलाइन समीक्षाएँ एक पुस्तक की सफलता के लिए अपरिहार्य हैं।
इन कुछ उपायों से आप मीडिया का रणनीतिक रूप से उपयोग करके अपनी लेखक यात्रा को सफल और समृद्ध बना सकते हैं।
#डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
लेखक एवं पत्रकार
इन्दौर, मध्यप्रदेश
drarpanjainavichal@gmail.com


