वो तीनों समाज की प्रतिष्ठित महिलाएं थी। सम्भ्रांत और आदर्श परिवार की मुख्य महिलाएं। समाज और परिवार में परिचित और आदरणीय। समाज के हर खुशी और गमी के कार्यक्रम में शामिल होती। तीनों की दोस्ती जगप्रसिद्ध थी।
समाज की किसी भी बैठक में,कार्यक्रम में हमेशा सुझाव दिया करती और समाज के हित के मुद्दे उठाया करती थी।एक तरह से तीनों ही अपने-आप को बेहद सजग और बुद्धिमान,विचारवान महिलाओं जैसा समाज में प्रदर्शित करती थी।
समाज भी इनसे प्रभावित था। अपने- अपने परिवारों की अच्छे से देखभाल, बच्चों को पढ़ाकर अच्छे संस्कार देकर ऊंची नौकरियों में भेजकर वे अपने जीवन को बेहद सफल समझती थी।
एक दिन तीनों सहेलियों में से एक के पति की अचानक हृदयाघात से मौत हो गई। बेहद दुखद था। बच्चे बाहर से आए और दाह संस्कार हुआ। दोनों सहेलियां अपनी इस दुखी सखी के पास रोज आकर बैठती और तरह-तरह की हिदायत देती रहती। तीसरी सहेली उन्हें अपना सच्चा हमदर्द समझकर अपने परिजनों से बेहद तारीफ करती। १३ दिन बाद सहेली के पति की पगड़ी का दिन आया। एक धर्मशाला में पूरा समाज इकठ्ठा हुआ। चूंकि,पति पद से सेवानिवृत्त हुए थे तो जान-पहचान वाले और समाज के बहुत से लोग आए थे। उनकी अच्छी यादों और भाषण का सिलसिला चल पड़ा। समाज के कुछ बुजुर्ग और प्रतिष्ठित पदाधिकारी मृतक के अच्छे कार्यों का गुणगान करने लगे।
इतने में ही मेरी नजर मृतक की पत्नी की उन दोनों खास सहेलियों पर गई। दोनों ही भाषणों को अनसुना करके अपनी ही मस्ती में मस्त थी। बहुत सजधज के आई थी और लगातार बोले जा रही थी। अपने महंगे मोबाईल से बैठे-बैठे खुद के चित्र(सेल्फी) लिए जा रही थी। तरह-तरह के दृश्य और तरह-तरह के मुंह बनाकर।
ये देखकर मैं सन्न रह गई। ऐसा भी क्या उत्साह या दीवानापन खुद के चित्र लेने का…। ये सेल्फी की इतनी दीवानी है कि जगह और समय का भी खयाल नहीं रहता है। ‘सेल्फी’ एक कला है,पर कोई कला इतनी महत्वपूर्ण नहीं हो सकती कि आप अपनी मान-मर्यादा,अपनी भावनाएं और अपना स्वाभाविक व्यवहार छोड़ दें। क्या दिखावा करना या मोह करना इतना जरूरी है?
वाह री सेल्फी? तूने अच्छे-अच्छों को बिगाड़ दिया रे।
#सुषमा व्यास
परिचय : श्रीमती सुषमा व्यास( सुष ‘राजनिधि’) ने हिन्दी साहित्य में एमए किया हुआ है और मौलिक रचनाकार हैं।आप इंदौर में ही रहती हैं तथा इंदौर लेखिका संघ की सदस्य भी हैं।