लेखनी कब तक कठघरे में

cropped-cropped-finaltry002-1.png
साहित्य सिर्फ समाज का दर्पण ही नहीं होता,बल्कि समाज को परिष्कृत कर नई दिशा भी सुझाता है….दिखाता है…..पहला कदम बढ़ाता है और इसके लिए साहित्यकार न जाने कितनी रातें और कितने दिन कुर्बान कर मानसिक रूप से वहाँ हो आता है ….उसको जी लेता है। सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव की गहन मीमांसा करके समाज के सामने प्रस्तुत करता है।
साधारणतया मनुष्य स्वभाव से ही आदतों की परिधि से घिरा होता है और उससे बाहर निकलना नहीं चाहता है , जैसे कि लोहे की जंजीर से बँधा हाथी का चंचल बच्चा बड़ा होकर पूर्ण बलशाली होने पर भी आदतानुसार जंजीर को तोड़ने का प्रयास नहीं करता ….।
एक कवि जब लेखनी द्वारा लीक से हटकर कुछ अन्य राह दिखाता है,तो बहुतायत जनसंख्या नज़रअंदाज़ कर देती है या विरोध करने पर उतर आती है। लेखनी प्राय: अलग-थलग पड़ जाती है। परिणामत: कुछ जर्जर हो जाती है तो, कुछ मृतप्राय, कुछ हताहत तो कुछ अडिग।
जो लेखनी अडिग रह जाती है,वह नि:संदेह परिवर्तन का बीज बो देती है,किन्तु तिरस्कार सहते-सहते या सफाई देते-देते अक्सर ही दम तोड़ देती है। उसके द्वारा बोया गया बीज लम्बे अर्से के बाद उभर ही आता है….परिवर्तन होने लगता है। तलाश शुरु हो जाती है फिर बीजारोपण करने वाली लेखनी की…उच्च कीमत…उच्च सम्मान की झड़ी लग जाती है। पैदा होने लगते हैं कुकुरमुत्ते की तरह वारिस….। नाम,यश,प्रशस्ति और जीवन भर देने का दीर्घकालीन खेल मरणोपरान्त या मरणासन्न समय में अबाध चलता है। अब सवाल यह उठता है कि, ऐसा क्यों होता आ रहा है सदियों से और रुकेगा कैसे ?
इसके लिए लेखनीकारों और प्रबुद्धजनों को दृढ़ संकल्प लेकर लेखनी को सत्ता के गलियारे से आजाद कराना होगा। चाटुकारिता के चालीसे को हतोत्साहित करना होगा। रचना का उचित मूल्यांकन करना होगा। कोई रचनाकार परिवर्तन की बात करता है तो उससे मिलकर उसकी सम्भावना पर विमर्श करना होगा और संतुष्ट होने पर समर्थन व सम्मान की मुहिम चलानी होगी। लेखनी को कठघरे में खड़ा करना गलत नहीं,किन्तु जिरह-बहस की अवधि कम करके न्याय की व्यवस्था शीघ्रातिशीघ्र करना होगा,ताकि लेखनी झंझावात से टकराते-टकराते बेचारगी (अपराध-बोध) का भाव लिए आत्महत्या न कर ले….भीड़ में गिरकर गलत की समर्थक न हो जाए…..मृतप्राय न हो जाए ….।
अगर हम सबके जागरुकता पूर्ण प्रयास से लेखनी उन्नयन के दौर में ही सही न्याय पा जाए तो उसे लम्बी अवधि तक कठघरे में नहीं रहना पड़ेगा……..लेखनी अपने उद्देश्य में सफल होकर जल्दी ही समाज को सही दिशा दे सकेगी…..नई कलमें भी विकास का पंख फड़फड़ाएंगी…….। कोई ‘निराला’ अभाव में परिजनों को नहीं खोएगा…….कोई ‘सुकरात’ ज़हर नहीं पिएगा…….कोई ‘महादेवी वर्मा’ सार्वजनिक मंच का त्याग नहीं करेगी….कोई ‘दिनकर’ परशुराम की प्रतीक्षा करते नहीं मरेगा।
आइए,इसके हेतु कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें।

#अवधेश कुमार ‘अवध’

matruadmin

Next Post

चूड़ियां

Tue May 16 , 2017
`क्या साबित करना चाहते हो आखिर… पुरूषों को, चूड़ियाँ भेंट करके…..?` कायरता, नाकारापन,या कमजोरी का प्रतीक मानते हो….? भूल गए क्या…माँ…दादी के हाथ की, वो हरी काँच की चूड़ियाँ….? जो चूल्हे की आँच में तपकर, हो जाती थी..और मजबूत। रोटी थेपकर खेत भी खोद लेते थे, वो चूड़ी भरे हाथ….। […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।