मुझे स्टार एलायंस की ओर से एक ई-मेल प्राप्त हुआ,जिसमें उन्होंने मुझसे मेरी पिछली हवाई यात्रा के अनुभव के बारे में कुछ प्रश्नों के उत्तर देने का अनुरोध किया था। स्टार एलायंस विमान कंपनियों का एक गठबंधन-समूह है,जिसमें एयर इंडिया सहित विश्व की अनेक विमान कंपनियां शामिल हैंl जब मैं सर्वेक्षण पृष्ठ पर पहुंचा,तो मैंने देखा कि वहां अरबी,तुर्की,चीनी,जापानी,कोरियाई,थाई,पुर्तगाली आदि विभिन्न भाषाओं में सर्वेक्षण के प्रश्न पढ़ने और उत्तर देने का विकल्प उपलब्ध है,किन्तु उस सूची में हिन्दी या भारत की कोई भी भाषा नहीं थी।
अतः मैंने सर्वेक्षण के किसी भी प्रश्न का उत्तर देना अस्वीकार करते हुए स्टार एलायंस को ई-मेल द्वारा यह जवाब भेजा है कि,मैं सर्वेक्षण में भाग लेना चाहता था,किन्तु मेरी प्राथमिक भाषा हिन्दी का विकल्प उपलब्ध न होने के कारण मैं किसी भी प्रश्न का उत्तर नहीं दूंगा। मैंने उन्हें यह ई-मेल अंग्रेज़ी में ही भेजा है,ताकि वे यह स्पष्ट रूप से समझ जाएं कि मैं अंग्रेज़ी भाषा जानता हूँl इसका अर्थ ये नहीं है कि,मैं सारे काम अंग्रेज़ी में करता हूं या यदि वे सारी सामग्री अंग्रेज़ी में भेजेंगे,तब भी मैं स्वीकार कर लूंगा।
चूंकि भारत की राष्ट्रीय विमान कंपनी एयर इंडिया भी स्टार एलायंस की सदस्य है,इसलिए निश्चित रूप से हिन्दी का विकल्प इसमें अवश्य ही उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। दुखद है कि,अपने ही देश की सरकारी कंपनियां और संस्थाएं भी अपनी भाषा के प्रति आग्रही नहीं हैं।
मेरा सभी से अनुरोध है कि,यदि किसी भी प्रकार के सर्वेक्षण-फीडबैक के लिए कोई भी कंपनी आपसे संपर्क करती है,और आप उसमें भाग लेना चाहते हैं,तो यह अवश्य देखें कि उसमें हिन्दी का विकल्प भी उपलब्ध हो। यदि हिन्दी का विकल्प उपलब्ध नहीं है और आप अंग्रेज़ी में उत्तर देना भी चाहें,तो भी अनुरोध है कि उत्तर देने के साथ-साथ कंपनी को यह भी सूचित करें कि आप भविष्य में ऐसे सर्वेक्षणों के लिए हिन्दी भाषा का विकल्प भी चाहते हैं।
(वैश्विक हिन्दी सम्मेलन)
#सुमंत विद्वांस