जल चालीसा

0 0
Read Time4 Minute, 16 Second

जल मंदिर, जल देवता, जल पूजा, जल ध्यान।
जीवन का पर्याय जल, सभी सुखों की खान।।
जल की महिमा क्या कहें, जाने सकल जहान।
बूंद-बूंद बहुमूल्य है, दें पूरा सम्मान।।
जय जलदेव सकल सुखदाता,
मात, पिता, भ्राता सम त्राता।
सागर जल में विष्णु बिराजे,
शंभु शीश गंगा जल साजे।
इंद्र देव है जल बरसाता,
वरुणदेव जलपति कहलाता।
रामायण की सरयू मैया,
कालिंदी का कृष्ण कन्हैया।
गंगा-यमुना नाम धरे जल,
जन्म-जन्म के पाप हरे जल।
ऋषिकेश है, हरिद्वार है,
जल ही काशी मोक्ष द्वार है।
राम नाम की मीठी बानी,
नदिया तट पर केवट जानी।
माता भूमि, पिता है पानी,
यही कह रही है गुरबानी।
जन-जन हेतु नीर ले आईं,
नदियाँ तब माता कहलाईं।
सूर्य देव को अर्पण जल से,
पितरों का भी तर्पण जल से।
चाहे हवन करें या पूजा,
पानी के सम और न दूजा।
चाहे नभ हो, या हो जल-थल,
जीव-जंतु की जान सदा जल।
बूंद-बूंद से भरता गागर,
गागर से बन जाता सागर।
नीर क्षीर मधु खिलता तन-मन,
नीर बिना नीरस है जीवन।
नदी सरोवर जब भर जाए,
लहरे खेती मन हरषाए।
तीन भाग जल काया भीतर,
फिर भी चाहिए पानी दिन भर।
तीरथ व्रत निष्फल हो जाएँ,
समुचित जल जब हम न पाएँ।
जल बिन कैसे बने रसोई!
भोजन कैसे खाये कोई!
नदियों में जब न होगा जल,
खाली होंगे सब के ही नल।
घटता भू जल सूखी नदियाँ,
जाने तो अच्छी हो दुनिया।
पाइप से हम फ़र्श न धोएँ,
गाड़ी पर हम जल न खोएँ।
टूंटी कभी न खुल्ली छोड़ें,
व्यर्थ बहे झटपट दौड़ें।
बिन मतलब छिड़काव करें न,
जल का व्यर्थ बहाव करें न।
जल की सोचें, कल की सोचें,
जीवन के पल-पल की सोचें।
बड़ी भूल है भूजल दोहन,
यही बताता है भूकम्पन।
कम वर्षा है अति तड़पाती,
बिन पानी खेती जल जाती।
वर्षा जल एकत्र करेंगे,
इसी बात का ध्यान धरेंगे।
बर्तन मांजें, वस्त्र खंगालें,
उस जल को बेकार न डालें।
पौधे सींचें आँगन धोलें,
कण-कण में जीवन रस घोलें।
जीवन जीवाधार सदा जल,
कुदरत का उपहार सदा जल।
धन संचय तो करते हैं सब,
जल-संचय भी हम कर लें अब।
हम सब मिल संकल्प करेंगे,
पानी कभी न नष्ट करेंगे।
सोचें जल बर्बादी का हल,
ताकि न आए संकट का कल।
सुनलें ज़रा नदी की कल-कल,
उसमें कभी नहीं डालें मल।
जीवन का अनमोल रतन जल,
जैसे बचे बचाएँ हर पल।
जल से जीवन, जीवन ही जल,
समझें जब यह तभी बचे जल।
हरे-भरे हम पेड़ लगाएँ,
उमड़-घुमड़ घन बरखा लाएँ।
पेड़ों के बिन मेघ न बरसें,
लगें पेड़ तो फिर क्यों तरसें!
हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा,
बूंद-बूंद से घड़ा भरेगा।
जन-जन हमें जगाना होगा,
जल सब तरह बचाना होगा।
कुएँ, नदियाँ, बावड़ी, जब लौं जल भरपूर।
तब लौं जीवन सुखभरा, बरसे चहुं दिस नूर।।
जल बचाव अभियान की, मन में लिए उमंग।
आओ सब मिलकर चलें, “रमेश गोयल” संग।।

रमेश गोयल

नई दिल्ली, भारत

परिचय

पर्यावरणविद् व जल स्टार रमेश गोयल, भारत सरकार द्वारा सम्मानित जल रक्षक, वॉटर हीरो, जल प्रहरी
“संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, पर्यावरण प्रेरणा, दिल्ली।
पूर्व सदस्य तकनीकी समिति, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, हरियाणा सरकार।

matruadmin

Next Post

रूह का पोस्टमार्टम

Thu Nov 20 , 2025
आज ऊपरी मंज़िल से गिरने वाली, मृत्यु के आगोश में समाने वाली, उस दुर्भाग्या का पोस्टमार्टम है। कोई कह रहा है हत्या है, कोई आत्महत्या? उस दुर्भाग्या की रूह शरीर के आसपास ही घूम रही थी। ख़ामोशी से सोच रही थी, काश! कोई ऐसा कानून होता जो मेरे मन का […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। साथ ही लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्में तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण जैन ने 30 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से डॉ. अर्पण जैन पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान व वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी है। साथ ही, भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आंदोलन भी चलाया है।