चौपाई छंद “कलियुगी शतानन”

0 0
Read Time6 Minute, 52 Second

सिया राम चरणों में वंदन। मेटो अब कलयुग का क्रंदन।।
जब जब बढ़े पाप का भारा। तब तब प्रभु तुम ले अवतारा।।

त्रेता माहि भया रिपु भारी। सुर नर मुनि का कष्टनकारी।।
रावण नाम सकल जग जानी। दस शीशों का वह अभिमानी।।

कलयुग माहि जनम पुनि लीन्हा। घोर तपस्या विधि की कीन्हा।।
त्रेता से रावण को चीन्हा। सोच विचारि ब्रह्म वर दीन्हा।।

चार माथ का संकट भारी। विधि जाने कितना दुखकारी।।
ब्रह्मा चतुराई अति कीन्ही।वैसी विपदा वर में दीन्ही।।

जस जस अत्याचार बढ़ाये। त्यों त्यों वह नव मस्तक पाये।।
शत शीशों तक वर न रुकेगा। धर्म करेगा तब ही थमेगा।।

वर का मर्म न समझा पापी। आया मोद मना संतापी।।
पा अद्भुत वर विकट निशाचर। पातक घोर करे निशि वासर।।

रावण ने फैलाई माया। सूक्ष्म रूप में घर घर आया।।
भाँत भाँत के भेष बनाकर। पैठे मानव-मन में जा कर।।

जहँ जहँ देखे कमला वासा। सहज लक्ष्य लख फेंके पासा।।
साहूकार सेठ उद्योगी। हुये सभी रावण-वश रोगी।।

वशीभूत स्वारथ के कर के। बुद्धि विवेक ज्ञान को हर के।।
व्याभिचार शोषण फैलाया। ठगी लूट का तांडव छाया।।

ब्रह्मा का वर टरै न टारे। शीश लगे बढ़ने मतवारे।।
त्रेता का जो वीर दशानन। शत शीशों का भया शतानन।।

अधिकारी भक्षक बन बैठे। सत्ता भीतर गहरे पैठे।।
आराजक हो लूट मचाये। जहँ जहँ लिछमी तहँ तहँ छाये।।

शत आनन के चेले चाँटे। संशाधन अपने में बाँटे।।
त्राहि त्राहि सर्वत्र मची है। माया रावण खूब रची है।।

पीड़ित शोषित जन हैं सारे। आहें विकल भरे दुखियारे।।
सुनहु नाथ अब लो अवतारा। करहु देश का तुम उद्धारा।।

इस शत आनन का कर नाशा। मेटो भूमण्डल का त्रासा।।
तुम बिन नाथ कौन जग-त्राता। ‘बासुदेव’ तव यश नित गाता।।


चौपाई छंद विधान:-

चौपाई 16 मात्रा का बहुत ही व्यापक छंद है। यह चार चरणों का सममात्रिक छंद है। इसके एक चरण में आठ से सोलह वर्ण तक हो सकते हैं। दो दो चरण समतुकांत होते हैं। चरणान्त गुरु या दो लघु से होना आवश्यक है।
चौपाई छंद चौकल और अठकल के मेल से बनती है। चार चौकल, दो अठकल या एक अठकल और दो चौकल किसी भी क्रम में हो सकते हैं। समस्त संभावनाएं निम्न हैं।
4-4-4-4, 8-8, 4-4-8, 4-8-4, 8-4-4
कल निर्वहन केवल समकल शब्द द्विकल, चतुष्कल, षटकल से संभव है। अतः एकल या त्रिकल का प्रयोग करें तो उसके तुरन्त बाद विषम कल शब्द रख समकल बना लें। जैसे 3+3 या 3+1 इत्यादि। चौकल और अठकल के नियम निम्न प्रकार हैं जिनका पालन अत्यंत आवश्यक है।
चौकल:- (1) प्रथम मात्रा पर शब्द का समाप्त होना वर्जित है। ‘करो न’ सही है जबकि ‘न करो’ गलत है।
(2) चौकल में पूरित जगण जैसे सरोज, महीप, विचार जैसे शब्द वर्जित हैं।

अठकल:- (1) प्रथम और पंचम मात्रा पर शब्द समाप्त होना वर्जित है। ‘राम कृपा हो’ सही है जबकि ‘हो राम कृपा’ गलत है क्योंकि राम शब्द पंचम मात्रा पर समाप्त हो रहा है। यह ज्ञातव्य हो कि ‘हो राम कृपा’ में विषम के बाद विषम शब्द पड़ रहा है फिर भी लय बाधित है।
(2) 1-4 और 5-8 मात्रा पर पूरित जगण शब्द नहीं आ सकता।
(3) अठकल का अंत गुरु या दो लघु से होना आवश्यक है।

जगण प्रयोग:-
(1) चौकल की प्रथम और अठकल की प्रथम और पंचम मात्रा से पूरित जगण शब्द प्रारम्भ नहीं हो सकता।
(2) चौकल की द्वितीय मात्रा से जगण शब्द के प्रारम्भ होने का प्रश्न ही नहीं है क्योंकि प्रथम मात्रा पर शब्द का समाप्त होना वर्जित है।
(3) चौकल की तृतीय और चतुर्थ मात्रा से जगण शब्द प्रारम्भ हो सकता है।

किसी भी गंभीर सृजक का चौपाई पर अधिकार होना अत्यंत आवश्यक है। आल्हा, ताटंक, लावणी, सार, सरसी इत्यादि प्रमुख छन्दों का आधार चौपाई ही है क्योंकि प्रथम यति की 16 मात्रा चौपाई ही है।

परिचय -बासुदेव अग्रवाल ‘नमन’
निवास स्थान – तिनसुकिया (असम)

शिक्षा – B. Com.
रुचि – काव्य की हर विधा में सृजन करना। हिन्दी साहित्य की हर प्रचलित छंद, गीत, नवगीत, हाइकु, सेदोका, वर्ण पिरामिड, गज़ल, मुक्तक, सवैया, घनाक्षरी इत्यादि। हिंदी साहित्य की पारंपरिक छंदों में विशेष रुचि है और मात्रिक एवं वार्णिक लगभग सभी प्रचलित छंदों में काव्य सृजन में सतत संलग्न हूँ।
परिचय – वर्तमान में मैँ असम प्रदेश के तिनसुकिया नगर में हूँ। whatsapp के कई ग्रुप से जुड़ा हुआ हूँ जिससे साहित्यिक कृतियों एवम् विचारों का आदान प्रदान गणमान्य साहित्यकारों से होता रहता है। इसके अतिरिक्त हिंदी साहित्य की अधिकांश प्रतिष्ठित वेब साइट में मेरी रचनाएँ प्रकाशित होती रहती हैं।
सम्मान- मेरी रचनाएँ देश के सम्मानित समाचारपत्रों में नियमित रूप से प्रकाशित होती रहती है। हिंदी साहित्य से जुड़े विभिन्न ग्रूप और संस्थानों से कई अलंकरण और प्रसस्ति पत्र नियमित प्राप्त होते रहते हैं।

matruadmin

Next Post

आचार्यश्री से जाने दुनियां

Fri May 14 , 2021
आचार्य श्री से जाने दुनियाँ, ऐसे गुरु हमारे हैं I नयनों में नेहामृत जिनके, अधरों पर जिनवाणी है। करका पावन आशीष जिनका, कंकर सुमन बनाता है I पग धूली से मरुआंगन भी, नंदनवन बन जाता है। स्वर्ण जयंती मुनिदीक्षा की, रोम रोम को सुख देती I सारे भेद मिटा, जन […]

पसंदीदा साहित्य

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आपका जन्म 29 अप्रैल 1989 को सेंधवा, मध्यप्रदेश में पिता श्री सुरेश जैन व माता श्रीमती शोभा जैन के घर हुआ। आपका पैतृक घर धार जिले की कुक्षी तहसील में है। आप कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आपने अब तक 8 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है, जिसमें से 2 पुस्तकें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मातृभाषा डॉट कॉम, साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। डॉ. अर्पण जैन ने 21 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्डस, लन्दन द्वारा विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं और ख़बर हलचल न्यूज़ के संस्थापक व प्रधान संपादक हैं। हॉल ही में साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग द्वारा डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' को वर्ष 2020 के लिए फ़ेसबुक/ब्लॉग/नेट (पेज) हेतु अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।