आप और मैं

varun veer
आप कहते रहिए मैं सुनता रहूंगा
आप उधेड़ते रहिए मैं बुनता रहूंगा
आप तंज़ किजिए मैं दिल पर नहीं लूंगा
आप बुरा भला कहिए मैं मुस्कुरा दूंगा
आप  दावा कीजिए बेहतरीन लिखने का
मैं बड़े अदब से उसे पढ़ूँगा
आप बहस का मौक़ा तलाश किजिए
मैं कभी आपसे नहीं उलझूँगा
बस ये ख़याल रहे
मुझे संजोने की आ़दत है और
लिखना मेरे लिए इ़बादत है
ग़ुस्सा, खुशी, दुःख, ये सब कैफ़िय्यतें
मैं लिख कर ज़ाहिर करता हूं
आप लाख मेरी बद-ख़्वाही करते रहें
एक दिन मैं आपके सब सवालों का जवाब दूंगा
आपको अपनी कहानी का किरदार बना दूंगा
और मेरी कहानियां
आपके हर तंज़ का जवाब देंगी
आप उस वक्त कराह रहे होंगे
और मेरी कहानियां हौले से मुस्कुरा देंगी
उस दिन बड़े इत़मिनान से मैं आपसे गले मिलूंगा
मेरे मुतअ़ल्लिक़ बुरा-भला जो भी कहा
उसका भी कोई ज़िक्र नहीं करूंगा
और हाँ, ये भी सुनते जाइए
एकलव्य मैं हूं और द्रोण भी मैं ख़ुद ही हूं
न कोई ऐसा है जो मुझे सिखा सके
न मैं ऐसा हूं कि किसी को सिखा सकूँ
मैं आपके ओछेपन पर ख़ामोश हूं
तो ये भी मेरा ख़ुलूस़ है
चाटना मेरी फ़ित़रत नहीं
मगर मैं सम्मान करता हूँ रिश्तों का
और दोग़लापन आपको
ख़ास से आ़म की सूची में ले आता है
दोस्ती चंद दिनों में ही दम तोड़ देती है अगर
तो ये आप जैसे लोगों कि देन है।
#वरुण वीर 
परिचय-
नाम: वरुण कुमार 
क़लमी नाम: वरुण वीर
जन्म: उधमपुर (जम्मू-कश्मीर)
ता’लीम: इब्तिदाई ता’लीम, कटरा (ज़िला रियसी, जम्मू-कश्मीर), बा’द की पढ़ाई उधमपुर में। स़िर्फ़ इतना पढ़ा हूँ कि पढ़ा-लिखा कहला सकूँ।
मौजूदा रिहाइश: उधमपुर 
पेशा: कार-ओ-बार, जो फ़िल्हाल इतना बड़ा नहीँ कि मेरी पहचान बन सके।
धन-दौलत या कोई बड़ी जायदाद नहीँ। मेरी सबसे बड़ी दौलत है मेरे ढेर सारे ख़्वाब जिन्हें मुकम्मल करना ही ज़िन्दगी का मक़्सद है। पुर-उम्मीद हूँ कि अगर साँसों ने दग़ा नहीँ दी तो एक दिन ख़्वाब पूरे हो ही जाएंगे।
इब्तिदा में लिखना मेरी चुप्पी को तोड़ने का ज़रिया बना। फिर मेरी ख़ुशी, मेरा सुकून बन गया। फिर मेरी आ़दत बना और अब लिखना मेरा सहारा बन गया है। लिखने को लेकर मैं इस क़दर दिवाना हूं कि कुछ भी लिख देता हूँ। शादी से मातम तक, जन्नत से जहन्नुम तक, बच्चे की किलकारी से बुढ़ापे के खड़ूसपन तक, प्रेम की ख़ूबस़ूरत सुब्ह से लेकर विरहा की काली रात तक। सुब्ह से शाम तक बस लिखता हूँ जो विषय मिल जाए जो दिल में आए वही लिखता हूं।
ख़्वाब और उम्मीदें: यही कि एक दिन लिखारी बनूँगा। लिखारियों की दुनिया में मेरा नाम भी शुमार होगा। यह ग़ुरूर नहीँ बस एक विश्वास है ख़ुद पर और अपने क़लम पर और सब से बढ़कर अपने माँ-बाप के आशीर्वाद पर।
प्रेम तो सबसे करता हूँ मगर जो प्रेम मुझे अपनी साँसों से ज़ियादा अज़ीज़ है वो है अपने परिवार और अपने लिखने के हुनर से प्रेम।
मुझे पढ़ें, और मेरी रचनाओं के ह़वाले से मेरे बारे में अपनी राए क़ायम करें। जैसा आपको लगूँ , मुझे वैसा ही कहिये। बुरा या अच्छा या कुछ भी, आप कहने के लिये आज़ाद हैं। 

matruadmin

Next Post

मतदान-अधिकार

Mon Apr 22 , 2019
भारत के  संविधान  में,दिए मूल अधिकार। मानवता   हक  में  रहे, लोकतन्त्र सरकार। लोकतंत्र  सरकार, लोक  से निर्मित  होती। भूलो  मत  कर्तव्य, कर्म  ही   सच्चे  मोती। कहे  लाल कविराय, अकर्मी  पाते   गारत। मिला वोट अधिकार,बनाओ अपना भारत। .                   दाता ने  हमको  दिया, जीवन  का अधिकार। जागरूक   मतदान   से,  लोकतंत्र   साकार। लोकतंत्र […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।