मानव और प्रकृति में संतुलन

0 0
Read Time8 Minute, 30 Second

cropped-cropped-finaltry002-1.png

इन दिनों प्रायः देश के किसी-न-किसी भाग से गांव में घुस आए बाघ,हाथी आदि जंगली जानवरों की चर्चा होती रहती है। बस्ती के आसपास मित्र की तरह रहने वाले कुत्ते और बंदरों का आतंक भी यदा-कदा सुनने को मिलता रहता है। कुछ राज्य सरकारें इनकी नसबंदी करा रही हैं। इससे लाभ होगा या हानि,यह तो २०-२५ साल बाद ही पता लगेगा।

मानव और पशु-पक्षियों का साथ सदा ही रहा है। सृष्टि में शाकाहारी से लेकर मांसाहारी तक लाखों तरह और आकार-प्रकार के प्राणी हैं। उनमें से कई का तो हमें अभी तक पता ही नहीं है। जैसे शरीर में कई अंग दिखाई देते हैं,तो कई नहीं। कुछ छोटे हैं,तो कुछ बड़े, फिर भी हर अंग का अपना महत्व एवं उपयोग है। सब एक-दूजे पर आश्रित हैं। यही स्थिति विभिन्न जीव-जंतुओं की है,इसलिए कुछ जीवों को सृष्टि से पूरी तरह मिटा देने के प्रयास कभी भी उचित नहीं कहा जा सकता।

एक बार चीन सरकार ने तय किया कि,छोटी चिड़िया बहुत अन्न खा लेती है,अतः उन्हें मार दिया जाए। एक निश्चित दिन सब लोग अपनी छतों पर आ गए। शोर मचाकर चिड़ियों को उड़ाया गया। जैसे ही वे थककर बैठने लगतीं,लोग उन्हें फिर उड़ा देते। कुछ ही घंटों में करोड़ों चिड़ियां मर गई,पर अन्न की बर्बादी उस साल पहले से भी अधिक हुई,क्योंकि वे चिड़िया अन्न के साथ ही खेती के लिए हानिकारक कीड़े भी खा लेती थीं। चिड़ियों के मरने से कीड़ों की संख्या बहुत बढ़ गई और वे पूरी फसल खा गए। ऐसे उदाहरण विश्व इतिहास में एक नहीं,हजारों हैं,लेकिन अब मानव जनसंख्या के साथ ही भौतिक सुविधाओं की होड़ भी बढ़ रही है,अतः प्राकृतिक संसाधनों का तेजी से विनाश किया जा रहा है। इससे पशु भी मजबूरी में हिंसक और उपद्रवी हो रहे हैं।

लगभग १५ साल पुरानी बात है। मैं उन दिनों लखनऊ में रहता था,तथा गरमी में खुली छत पर सोता था। एक बार अचानक उस मोहल्ले में आने वाले बंदरों की संख्या बहुत बढ़ गई। तब मुझे भी अंदर सोने पर मजबूर होना पड़ा। कारण ढूंढने पर पता लगा कि, लगभग पांच किमी दूर का जंगल साफ कर एक नई कालोनी बन रही है। वहां के बंदर ही परेशान होकर शहर में आ रहे हैं। यही स्थिति हाथियों और बाघ आदि की है। मनुष्य अपने आवास,व्यापार या मनोरंजन के लिए जंगल में घुस रहा है,तो जानवर कहां जाएं ? देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश की सड़कों पर प्रायः हाथी आ जाते हैं। उनके आते ही वाहन चुपचाप पीछे हटकर खड़े हो जाते हैं। जलस्तर गिरने से कई जंगलों में तालाब सूख गए हैं। अतः प्यासे पशु मीलों दूर गंगा तक आ जाते हैं। मांसाहारी पशु रात में शिकार करते हैं और दिन में सोते हैं,पर दिन में उन जंगलों की सड़कों पर वाहन दौड़ने लगे हैं। पर्यटक उनकी नींद खराबकर तस्वीर खींचते हैं। जंगलों में बने होटलों के शोर से भी पशु परेशान होते हैं। जहां जंगलों में रेल लाइनें हैं,वहां भी यही समस्या है।

ऐसी समस्याओं का हल दो और दो चार जैसा सरल नहीं है। विकास के लिए सड़क और रेलगाड़ियां जरूरी हैं,बढ़ती जनसंख्या के लिए घर भी चाहिए,शहरीकरण के रुकने की भी कोई संभावना नहीं है,अतः हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना सीखना होगा। जितना हम ले रहे हैं,उससे कुछ अधिक उसे नहीं लौटाएंगे,तो भावी पीढ़ियों को बहुत कष्ट भोगने होंगे। यद्यपि विज्ञान कई चीजों का उत्तर ढूंढ लेता है,पर कई बार वह २५ साल बाद नई समस्या बन जाता है।

१९६५ के युद्ध के समय अमरीका ने हमें गेहूं देने से मना कर दिया था। तब हम अन्न के मामले में आत्मनिर्भर नहीं थे। ऐसे में राजनीतिक नेतृत्व ने कृषि वैज्ञानिकों को चुनौती दी। इससे हुई ‘हरित क्रांति’ से हम खाद्यान्न में आत्मनिर्भर तो हुए,पर रासायनिक खाद और कीटनाशकों से खेतों की उर्वरता घट गई। अतः हर बार अपेक्षाकृत अधिक खाद आदि लगने लगीं। रासायनिक अन्न और चारे से मानव और पशुओं में नए रोग आ गए। कम समय की फसलों से पानी का खर्च बढ़ गया,अतः जल की समस्या आ गई। अब सब परेशान हैं कि क्या करें ? यही हाल बढ़ती गरमी का है। इससे निबटने को विज्ञान ने फ्रिज और ए.सी. आदि बना दिए,पर अब ध्यान आ रहा है कि जितने ए.सी. लग रहे हैं, गरमी उतनी ही बढ़ रही है। सूर्य और धरती के बीच की ओजोन परत लगातार छीज रही है। हिमानियों के पिघलने से समुद्र आगे बढ़कर निकटवर्ती नगरों और देशों को निगल रहे हैं। अतः चांद पर बस्ती बसाने की बात होने लगी है।

इस बारे में हिन्दू चिंतन सही दिशा दिखाता है। भारत में अच्छा खाना-पहनना कभी मना नहीं था। देवताओं को ५६ व्यंजनों का भोग लगता था। आम आदमी की थाली में भी चार-छह चीजें रहती थीं। सोने-चांदी के बरतनों का प्रयोग भी होता ही था। आज भी बच्चे के अन्नप्राशन पर चांदी के छोटे चम्मच, कटोरी या गिलास देते हैं। मंदिर में अष्टधातु की मूर्तियां,स्वर्ण मुकुट और आभूषण आम बात हुआ करती थी,लेकिन उपभोग पर संयम का चाबुक भी था। ‘ईशोपनिषद’ में सृष्टि की हर चीज को ईश्वर की बताकर ‘त्येन त्यक्तेन भुंजीथा’ (त्यागपूर्वक उपभोग करो) कहा गया है। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने का अर्थ यही है।

एक ७५ वर्षीय बुजुर्ग को अखरोट का पेड़ लगाते देख एक यात्री ने कहा,-`बाबा,तुम्हारे पांव शमशान की ओर मुड़े हैं। ४० साल बाद जब यह पेड़ फलेगा,तब तुम कहां होगे ?` बुजुर्ग ने हंसकर कहा,-`मैंने बचपन और जवानी में जिन पेड़ों के अखरोट खाए थे,वे मेरे दादा और पिता ने लगाए थे। ये पेड़ में अपने नाती-पोतों के लिए लगा रहा हूं।’

छोटी होने पर भी इस कहानी का अर्थ बड़ा है। प्रकृति के साथ चलने का अर्थ केवल आज नहीं,तो कल और परसों के बारे में सोचना भी है,इसलिए भारत की हर समस्या अमरीका या इंग्लैंड की तरह हल नहीं होगी। विकास का अर्थ बड़ा घर और गाड़ी,बिजली, पानी और शराब का अधिक उपभोग,कपड़े,गहने या जूतों से भरे कमरे नहीं है। विकास का अर्थ है मानव और प्रकृति के बीच संतुलन। भगवान ने हमारी तरह ही पशु-पक्षी और पेड़-पौधों को भी बनाया है। इनके साथ सामंजस्य बनाकर चलने का काम सृष्टि में सबसे अधिक बुद्धिमान प्राणी होने का दावा करने वाले मनुष्य का ही है।

                                                #विजय कुमार, देहरादून(उताराखंड)

matruadmin

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हकीकत को बयां करती फिल्‍म  'ज्‍योति'

Wed Nov 22 , 2017
पिछड़ेपन,भेदभाव की शिकार लड़कियों में शैक्षणिक योग्यता को बढ़ावा देने वाली एक मार्मिक फ़िल्म है ‘ज्योति’ll। हमारे देश में नारी को आदिकाल से पुरुष की बराबरी का दर्ज़ा दिए जाने की वकालत की जाती रही है,लेकिन हमारी कथनी और करनी हमेशा विरोधाभासी रही है। जो कुछ हम कहते हैं,वह हमारे व्यवहार और प्रयासों […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आपका जन्म 29 अप्रैल 1989 को सेंधवा, मध्यप्रदेश में पिता श्री सुरेश जैन व माता श्रीमती शोभा जैन के घर हुआ। आपका पैतृक घर धार जिले की कुक्षी तहसील में है। आप कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आपने अब तक 8 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है, जिसमें से 2 पुस्तकें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मातृभाषा डॉट कॉम, साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। डॉ. अर्पण जैन ने 21 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्डस, लन्दन द्वारा विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं और ख़बर हलचल न्यूज़ के संस्थापक व प्रधान संपादक हैं। हॉल ही में साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग द्वारा डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' को वर्ष 2020 के लिए फ़ेसबुक/ब्लॉग/नेट (पेज) हेतु अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।