दिल्ली। दिल्ली शहर वैसे तो सत्ता के केंद्र बिन्दु के रूप में जाना जाता रहा है,पर दिल्ली में साहित्यिक हलचल भी सदैव बनी रहती है। दिल्ली साहित्य के बड़े आयोजन का शहर है,ऐसा ही भव्य किन्तु सादगीपूर्ण आयोजन साहित्यिक क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान रखने वाली संस्था भारतीय साहित्य उत्थान समिति अपना सातवाँ वार्षिकोत्सव आगामी रविवार १७ सितम्बर २०१७ को दिल्ली के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी के सभागार (चाँदनी चौक) में आयोजित करने जा रही है।
समिति के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बेखबर देहलवी ने बताया कि,कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू होंगे। अन्य गणमान्य व्यक्तियों में इंडिया टी.वी. के प्रमुख राणा यशवंत और प्रसिद्ध गीतकार पंकज शर्मा होंगे।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रख्यात कवि बेबाक जौनपुरी की अध्यक्षता में कार्यक्रम में लगभग तीस साहित्यिक व सामाजिक विभूतियों को ‘कविवर महानंद मिश्र स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
आपने बताया कि,कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी की प्रसिद्ध उद्घोषिका श्रीमती सारिका पंकज व समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा श्रीमती प्रीति तिवारी ‘अमिता’ करेंगी।
दूसरे सत्र में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा,जिसमें संस्था के महासचिव और मशहूर कवि विमलेन्दु सागर के संयोजन और ख्याति प्राप्त गीतकार पंकज शर्मा के संचालन में देश के नामचीन कवियों के साथ-साथ समिति के श्रेष्ठ रचनाकार सुमित द्विवेदी, भूपेन्द्र राघव,आनंद प्रजापति,नमिता नमन, प्रीति तिवारी ‘अमिता’,अक्षय राजपूत, राजेश प्रियम,आर्यन उपाध्याय तथा दीक्षा द्विवेदी सरीखे 40 नवोदित कवि-कवियित्री भी काव्य पाठ करेंगे।