जिद्दी खबरों का आईना…

* अर्पण जैन ‘अविचल’

वो भी संघर्ष करती है, मंदिर-मस्जिद की लाइन-सी मशक्कत करती है, वो भी इतिहास के पन्नों में जगह बनाने के लिए जद्दोहद करती है, लड़ती- भिड़ती है, अपने सपनों को संजोती है, अपने अरमानों से जिद्द करती है, परेशान इंसान की आवाज़ बनकर, न्याय के मंदिर की भाँति निष्पक्षता के लिए , निर्भीकता का अलार्म बनने की कोशिश में, पहचान की मोहताज नहीं, पर एक अदद जगह की उम्मीद दिल में लिए, पराड़कर के त्याग के भाल से, चतुर्वेदी और विद्धयार्थी के झोले से निकलने के साहस के साथ, भारतेन्दु के हरीशचंद्र से लेकर बारपुते की नईदुनिया तक, संघर्ष के प्रेमचन्द से निकलती हुई कठोर सत्य के रज्जु बाबू तक, आदम की नज़र में आकर, समाज के चौराहे से, संपादक की टेबल तक तरजीह पाने को बेताब होती है, तब तो जाकर कहीं मुकाम हासिल कर पाती है,क्योंकि वो ‘जिद्दी’ होती है, जी हाँ, खबर भी जिद्दी होती है |

खबर की ज़िद क्या हो सकती है, जब इस प्रश्न के उत्तर को खोजने की चेष्टा से गहराई में उतरो तो पता चलता है क़ि, दफ़्तर के कूड़ेदान में न पहुँचना ही उसकी सबसे बड़ी ज़िद होती है | पत्रकारों की मेजों पर  दम न तोड़ना ही, सम्पादक की नज़र में अटक-सा जाना, खबरची की नज़र में आना ही उसकी ज़िद का पैमाना है| पाठक के मानस का अंग बन पाना ही उसकी जिद का प्रमाण है | ज़िद करने का जज़्बा और हुनर तो बहुत है खबर में, इसीलिए वह संघर्ष का स्वर्णिम युग लिख पाती हैं |

बहरहाल, खबर के आंकलन और ज़िद के ही परिणाम हैं जिससे कई रसूखदार पर्दे से बाहर आ गए और कई घर ज़द में | बेबुनियाद रवैये से लड़ती हुई जब संघर्ष के मैदान में कोई खबर आती है तो सरे-आम कई आरोप भी लग जाते हैं |

व्यवस्था के गहरे असंतुलन और बाज़ारवाद से दिनरात संघर्ष करना ही खबर का नाम है| जिस तरह से हर जगह बाजार का गहरा प्रभाव हो रहा है, उसी तरह से कई बार संपादकीय संस्था की विवशता उस खबर के जीवन पर घाव कर देती है |

तर्क के मजबूत आधार के बावजूद भी कई लाभ-हानि के जर्फ (पात्र) से गुजरभर जाना ही उसके अस्तित्व का सबसे बड़ा फ़ैसला होता है |

यक़ीनन वर्तमान दौर में पत्रकारिता का जो बदरंग चेहरा होता जा रहा है, उस कठिन काल में शाब्दिक उल्टियाँ हावी हैं| परिणाम की पराकाष्ठा से परे प्रवर्तन के अगणित अध्याय बुनती खबरें पाठक की सरज़मीं भी हिलाकर रखने का माद्दा रखती है| अवसान के सन्दर्भ से उपजकर जिस तरह से मशक्कत के आधार स्थापित करने का जो दर्द एक खबर को होता है, निश्चित ही वो दर्द अन्यत्र दुर्लभ है |

खबर, चाटुकरिता की भीड़ को चीरती हुई, तत्व के अवसाद को धता बताकर समर के सृजन का विकल्प अर्पण करती है, यही उसके परम होने का सौभाग्य है, इसीलिए खबर जिद्दी है |

गहन और गंभीर सूचकों का अनुगामी न बन पाना और जनहित में सृजक हो जाना खबर की पूर्णता का आंकलन है| वर्तमान दौर में यदि खबर ज़िद करना छोड़ दे तो मानो संसार में सत्य का देखना भी दूभर हो जाएगा| समाज में वर्तमान में जिस हीन भावना से मीडिया को देखा जा रहा है, उससे तो लगता है कि खबर के आज होने पर यह हाल हैं, जब खबर ही अवकाश पर हो जाएगी तो फिर हालात क्या होंगे? सामान्य जनमानस का जीवन ही कठिन हो जाएगा |

आम जनता का रखवाला केवल न्याय का मंदिर और संविधान ही है, उसी संविधान के अनुपालन में जो भूमिका एक खबर की है उसे नकारा नहीं जा सकता है| इसी कारण ही संवैधानिक संस्थाओं और शासन-प्रशासन को भय रहता है पोल खुल जाने का, तभी तो आम जनमानस के जीवन का अभिन्न अंग भी खबर है |

जीवन के हर क्षेत्र में जिद्दी खबरों का समावेश होना, खाने में नमक जैसा है | उपस्थिति की आवश्यकता है अन्यथा बेस्वाद जिंदगी से जिंदादिली गौण हो जाती है |

पत्रकारिता के पहरेदार भी खबरों की ज़िद के कारण ही जीवन के केनवास पर अच्छे-बुरे चित्र उकेर पा रहे है, वर्ना समाज के बंधनों की बलिवेदी पर समाज का ही ख्याल भी रख पाना आसान नहीं है| जब भी समाज का ताप उच्च होता है तब उस ताप पर नियंत्रण भी खबर ही करती है | अपराध, विवाद, बुराई, कुरीतियाँ, आदि परिणाम पर अंकुश भी खबरों के माध्यम से ही लगता है | बस ये खबर तो जिद्दी है पर खबर के पुरोधाओं को भी खुद जिद्दी और सच के आईने को साथ लेकर पानी होना ही होगा |

लेखक:अर्पण जैन ‘अविचल’… संपादक – खबर हलचल न्यूज
इंदौर (मध्यप्रदेश)

jiddikhabar

matruadmin

Next Post

मातृभाषा केवल पोर्टल नहीं बल्कि भविष्य में हिन्दी के विस्तार हेतु आंदोलन बनेगा

Wed Feb 1 , 2017
|| समाचार विज्ञप्ति || मातृभाषा केवल पोर्टल नहीं बल्कि भविष्य में हिन्दी के विस्तार हेतु आंदोलन बनेगा इंदौर । भाषा के विस्तृत सागर में ‘हिन्दी’ भाषा के प्रति प्रेम और उसी भाषा की लुप्त होने की कगार पर खड़ी विधाएँ खास कर रिपोतार्ज, संस्मरण, पत्र लेखन, लघु कथा, डायरी, आदि को बचा कर […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।