वैराग्य का व्याकरण

cropped-cropped-finaltry002-1.png
वैराग्य है राग की विरुद्धार्थी संकल्पना। राग है सांसारिक सुखभोग से जुड़ना, तो वैराग्य है राग से विरत होने, मुक्त होने की अवस्था। यह है सुखभोगों से विरक्ति अर्थात् त्याग का मार्ग, छोड़ने का मार्ग। राग छूट जाए, मोह का बँधन टूट जाए, तो लोभ भी छूट जाए, क्रोध भी छूट जाए, तो वैराग्य घटित हो जाए। वस्तुतः, बँधन का टूटना ही वैराग्य की पूर्वपीठिका है, स्वातंत्र्य का प्राकट्य है।
जो स्वतंत्र है, वह किसी के अधीन नहीं होता। इसी को वैयाकरणिक दृष्टि से भी देख सकते हैं-
पाणिनि लिखते हैं- “स्वतंत्र: कर्ता!” कर्ता स्वतंत्र होता है, किसी के अधीन नहीं होता। इसका अर्थ यह है कि कर्ता किसी से नहीं बँधता… न कर्म से, न क्रिया से और न ही करण से। हाँ, कर्म और करण उससे संपृक्त होते हैं, उससे सम्बद्ध होते हैं, पर वह स्वयं इनसे नहीं बँधता। इसका सीधा-सीधा निहितार्थ है कि मनुष्य को क्रिया करनी चाहिए, उससे बँधनी नहीं चाहिए।
कर्मों के विषय में आत्मा को कर्ता मानना मिथ्याबोध है, और कुछ नहीं। गीता में श्रीकृष्ण कहते हैं-
“शरीरस्थोपि कौन्तेय न करोति, न लिप्यते!”
यह आत्मा शरीर में रहते हुए भी न कार्य करता है, न लिप्त होता है।
यहाँ यह  प्रश्न उठता है कि मिथ्याबोध बोध क्यों होता है? व्यक्ति स्वयं को कर्ता क्यों समझने लगता है?? इसका उत्तर भी गीता में है-
“अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते।”
अहंकार से मोहित अन्तःकरण वाला अर्थात् अहंकार से तादात्म्य रखनेवाला मनुष्य अपने को कर्ता समझ बैठता है।
उपर्युक्त वैचारिकी के आलोक में देखें तो ‘कार्य-कारण-प्रभाव’ त्रयी की अवधारणा मिथ्या नहीं है, पर इनमें किसी से भी आसक्ति अनुचित है। अस्तु, आसक्ति की बात करें, तो यह एक आगन्तुक दोष है, जन्मतः नहीं है। जो इस आगन्तुक दोष से विलग हैं, उनके लिए तो वैराग्य भी स्वत: उपलब्ध है और वैराग्य का निमित्त परमात्मा भी।
“अनन्यचेत: सततं यो मां स्मरति नित्यशः।
तस्याहं सुलभः पार्थ नित्ययुक्तस्य योगिनः ।।”
अर्थात् हे पृथानन्दन ! अनन्य चित्तवाला जो मनुष्य मेरा नित्य, निरंतर स्मरण करता है, उसके लिए मैं सदा सुलभ हूँ।
कर्ता के स्वतंत्रता की अवधारणा से आबद्ध है-क्रिया और करण का रूपोद्घाटन।
करण क्रिया की सिद्धि में सहायक होते हैं। कहा गया है- “साधकतमं करणम्” अर्थात् करण के बिना किसी क्रिया की सिद्धि नहीं होती। यहाँ, इसका यह अर्थ नहीं है कि करण से ही क्रिया होती है। करण तो बस सहायक होता है कर्म में। कर्ता के द्वारा जो कलम से लिखने की क्रिया हुई प्रतीत होती है, उसमें करण कलम है।
कलम स्वयं नहीं लिखती, प्रत्युत लिखने में सहायक सिद्ध होती है। यहाँ देखें तो लिखने की क्रिया हुई, जिसमें कर्ता, करण आदि जुड़े हैं, पर कर्ता को इनमें आसक्ति नहीं होनी चाहिए, न ही उसमें कर्तापन का बोध ही होना चाहिए! विचार करना चाहिए कि लिखने की क्रिया, कलम से हुई, कलम के अंदर की स्याही से हुई, स्याही और कागज़ के मेल से हुई, कर्ता के विचार से हुई, परिस्थिति से हुई, ज्ञान से हुई, भावना से हुई, दैवीय कृपा या विधान से हुई या सबकी सुसंगत युति से हुई? जैसे ही होशपूर्वक इस पर देखने का योग बनता है, कर्त्तापन तिरोहित हो जाता है।
इस अवधारणा को एक अन्य तरह से भी देखा और समझा जा सकता है। हम कह तो देते हैं कि अंतःकरण से यह मानता हूँ, समझता हूँ, फ़िर भी हम कार्य से तादात्म्य जोड़ लेते हैं। अन्तःकरण करण है। करण क्या है? साधन है। साधन कर्ता नहीं हो सकता, तो अन्तःकरण कर्ता कैसे हो सकता है? बात एकदम स्पष्ट है- करण में कर्तापन को देखना, समझना एक ग़लत तादात्म्य है।
कर्ता, भोक्ता भी होता है। इसका मंतव्य यह भी है कि जो करेगा, वह भोगेगा। अगर तादात्म्य ज़्यादा होगा, तो भोगना भी ज़्यादा होगा। वैसे, भोगते सभी हैं- योगी योग के भोगी, तो ज्ञानी ज्ञान के भोगी होते हैं और भक्त भगवद्प्रेम के भोगी होते हैं। इनसे असंगत तादात्म्य ही दुःख का कारण है। जिसमें यह तादात्म्य नहीं है, उसी में वैराग्य घटित होता है।
 #कमलेश कमल

matruadmin

Next Post

बड़ी अदालत में अपनी भाषाएं 

Fri Jul 5 , 2019
आजादी के 70 साल बाद हमारे सर्वोच्च न्यायालय की नींद अब खुली तो अब हम उसकी पीठ थपथपाए बिना कैसे रह सकते हैं ? अब उसने कहा है कि उसके अंग्रेजी फैसलों का संक्षिप्त अनुवाद छह भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध हो सकेगा ताकि जज और वकील ही नहीं, मुकदमा […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।