सुष की नारी

3

sushma vyas

ज्योत से ज्योत मिले,
सुन सखी..
आज मैं तुझसे ही सम्बोधन करती हूं,
अपने मन के अंजुली भर भावों को तुझको ही अर्पण करती हूं।

हर बार इन पुरूष पुंज को कहना जरुरी तो नहीं,
हर भाव को ग़ज़ल या गीत में ढालकर इनको बताना अब रुचता नहीं।

अपने संवेगों को,सहज आवेगों को,
क्यों न तुझसे बांट लूं,
अपने सुख–दुखानुभूति के,
निज अनुभूत क्षणों को तुझसे ही आत्मसात् कर लूं।

सुन सखी सुन,
मैं भी आई हूं महावर लगे पैरों से इस घर में,
रुनझुन करती पायल से..
एक सुंदर गीत का प्रयोजन करते हुए,
लाल-लाल कुंकुम के पैरों के..
निशान छोड़ते हुए तुम्हारी तरहा।

जैसे तुम भी कभी आई हो,
मेरी तरहा तुमने भी घूंघट की ओट में..पलकें झुकाए
ढेरों ख्वाबों के साथ,
प्रवेश किया है इस घर में।

आज मैं आई हूं तुम्हारी तरहा,
इस अनजान डगर पर..
अनजान राही का हाथ पकड़कर,
आशा और विश्वास के साथ।

फिर क्यों तुम वो समय बिसरा रही हो,
मुझे बंधनों और रिवाजों में बांध रही हो..?
रौब और अनुशासन में जकड़ रही हो,
तुमने भी तो मुक्त आकाश में उड़ना चाहा था..
ये घूंघट उठाकर इठलाती मस्त हवाओं में सांस लेना चाहा था,
तुम भी तो तितली की तरहा इधर- उधर विचरण करना चाहती थी..
तुम मुझ जैसी ही तो थी।

फिर क्यों?
मेरे चेहरे को घूंघट से ढंककर मेरी, मुस्कान को गुम कर देना चाहती हो..
तुम क्यों लेती हो इम्तहान मेरा ?
क्यों तौलती हो मुझे दौलत से,
तुम प्रतियोगिता से नहीं..
प्रेम और स्नेह से सींच लो मुझे,
दौलत से नहीं दिल से तौल लो मुझे।

जज्बात से जान लो मुझे,
मैं भी तुम्हारी तरहा..
मां,भाभी,चाची,मामी बनकर आई हूं,
और आज सासू मां बनने की दहलीज पर खड़ी हूं..
तुमसे सम्मान पाकर,सम्मान ही तो लौटाऊंगी।
आने वाली पीढ़ी को प्यार और स्नेह का मोल
तभी तो समझा पाऊंगी।

तुमने भी तो भोगी है वो जन्म देने की पीड़ा,वो दर्द..
तुमने भी तो उठाया है यशोदा बनकर वो आनन्द,
वो अहसास आज मेरे पास है..
तो फिर मैं और तुम विलग कहां?
एक ही तो हैं,
तो आओ सखी-
हम नवकिरण का आगाज करें।

पुष्प-सा हमारा मन महके,
और चंदन-सी ह्दय की सुगंध फैले..
तुलसी-सा पवित्र घर हो,
और मोगरे-सी खुशबू-सा सुंदर मन हो।

मन के इस नील गगन में,
प्यार का अमृत बरसे..
तुम बनो मेरी मार्गदर्शक,
कभी मैं तुम्हारी पथ प्रदर्शक..
हमारी अनुभूति का अहसास गहरा हो,
हम चलें साथ-साथ मिलकर..
बनाएं मिलकर एक निश्चल संसार।

कल्पना में हो ममता का लहराता आंचल,
पुरुषों से विलग हो ये प्रसंग..
फिर कोई न कहे-नारी ही नारी की है दुश्मन,
हम हैं कहीं कठिन,कहीं सरल..
हम तो हैं पुष्प-सी महक,
स्वर-सी सुमधुर,कस्तूरी की गंध..
और तुलसी-सी पावन।
  #सुषमा व्यास

परिचय : श्रीमती सुषमा व्यास( सुष ‘राजनिधि’) ने हिन्दी साहित्य में एमए किया हुआ है और मौलिक रचनाकार हैं।आप इंदौर में ही रहती हैं तथा इंदौर लेखिका संघ की सदस्य भी हैं।

 

matruadmin

3 thoughts on “सुष की नारी

  1. उतकृष्ट रचना!!!!! प्रत्येक नारी,,,या नारी के हर रूप मे ऐसे भाव होने चाहिए तभी समाज मे नारी का विकास होगा नारी का सम्मान होगा।

Comments are closed.

Next Post

बचपन

Tue Mar 14 , 2017
खोया हुआ अपना, बचपन ढूंढता हूँ.. पचपन की बातें, नहीं लगती सयानी। अभिमानों में अकड़ी, जकड़ी जिंदगानी.. बंधनों में बंधी, रेत होती कहानी। वो चाँदी की थाली, मिटटी के ढेले.. ईमली के चिएं, नीम की निम्बोली। कागज के रॉकेट, पर ऊँची उड़ानें.. पतंगों के जोते, हवाओं की चालें। बस्ते का […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।