हरिशंकर परसाई: व्यंग्य विधा के पुरोधा

जन्म शताब्दी विशेष

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आज से ठीक एक शताब्दी पूर्व यानी 22 अगस्त 1924 जमानी, होशंगाबाद, मध्य प्रदेश में एक कायस्थ परिवार में अद्भुत व्यक्तित्व के धनी हरिशंकर परसाई जी का जन्म हुआ था।

18 वर्ष की उम्र में वन विभाग में नौकरी की, फिर खंडवा में 7 महीने अध्यापन कार्य किया।
दो वर्ष (1941 से 1943) जबलपुर में स्पेस ट्रेनिंग कॉलेज में शिक्षण की उपाधि ली। 1942 में उन्होंने सरकारी नौकरी भी छोड़ दी। 1943 से 1947 तक प्राइवेट स्कूलों में नौकरी की। फिर 1947 में नौकरी छोड़कर स्वतन्त्र लेखन की शुरूआत कर दी। जबलपुर से ‘वसुधा’ नाम की साहित्यिक मासिकी निकाली, नई दुनिया में ‘सुनो भइ साधो’, नयी कहानियों में ‘पाँचवाँ कालम’ और ‘उलझी–उलझी’ तथा कल्पना में ‘और अन्त में’ इत्यादि कहानियाँ, उपन्यास एवं निबन्ध–लेखन के बावजूद मुख्यत: व्यंग्यकार के रूप में विख्यात हुए।

आप हिन्दी की ऐसी धरोहर हैं, जिनके कारण व्यंग्य को विधा का दर्जा मिला और व्यंग्य के मानकों के साथ मनोरंजन के अतिरिक्त समाज की समस्याओं और व्यवस्थाओं पर करारा तंज करते हुए उसे समाज के मुद्दों के साथ कदमताल करवाया गया।
अपनी आत्मकथा ‘गर्दिश के दिन’ में परसाई जी लिखते हैं कि, “साल 1936 या 37 होगा, मैं शायद आठवीं का छात्र था। कस्बे में प्लेग फैला था…रात को मरणासन्न माँ के सामने हम लोग आरती गाते थे। कभी-कभी गाते-गाते पिताजी सिसकने लगते, माँ बिलखकर हम बच्चों को हृदय से चिपटा लेती और हम भी रोने लगते। फिर ऐसे ही भयकारी त्रासदायक वातावरण में एक रात तीसरे पहर माँ की मृत्यु हो गई। पाँच भाई-बहनों में मृत्यु का अर्थ मैं ही समझता था।”

परसाई जी कहते थे, “गर्दिश का सिलसिला बदस्तूर है, मैं निहायत बेचैन मन का संवेदनशील आदमी हूँ। मुझे चैन कभी मिल ही नहीं सकता। इसलिए गर्दिश नियति है…”
वे अपनी कहानियों, व्यंग्य, कविताओं इत्यादि में मानवीय संवेदनाओं और लोक मंगल के विषयों को शामिल करते थे।
आपको ‘विकलांग श्रद्धा का दौर’ के लिए 1982 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया।
10 अगस्त, 1995 को हिन्दी के ऐसे नक्षत्र सदा के लिए महायात्रा पर निकल गए।
ऐसे महनीय कालजयी साहित्यकार की जन्म शताब्दी पर कोटिशः नमन।

#डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

राष्ट्रीय अध्यक्ष, मातृभाषा उन्नयन संस्थान

matruadmin

Next Post

इन्दौर में हिन्दी महोत्सव 2024 का शुभारम्भ हुआ हिन्दी पूजन से

Sun Sep 1 , 2024
इंदौर। मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा सितम्बर माह को हिन्दी माह के रूप में मनाया जाता है और यह माह हिन्दी महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। हिन्दी महोत्सव 2024 का शुभारंभ शहर के मध्य पंचमुखी अरकेश्वर गणेश मंदिर, स्नेहलता गंज पर माँ हिन्दी का पूजन कर किया गया।  इस […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।