गधे-घोड़ों का सेवा-मूल्य…

0 0
Read Time8 Minute, 0 Second
santosh trivedi
जीएसटी,जीएसटी का चौतरफ़ा हल्ला मचा हुआ है। बहुत सारे लोग चकरा गए हैं कि यह कौन-सी बला है भला! पढ़े-लिखों की माने तो पूरे देश में अब एक समान कर व्यवस्था लागू होने जा रही है। सरकार ने अलग-अलग चीज़ों को उनकी उपयोगिता के मुताबिक़ बाँट दिया है,ताकि निशानदेही में आसानी हो सके। कई चीज़ें जहाँ कर-मुक्त कर दी गई हैं,वहीं कुछ को ख़रीदने में ही मुक्ति वाली अवस्था प्राप्त की जा सकती है।कुछ लोग जीएसटी को ‘गधा,घोड़ा सर्विस टैक्स’ समझ रहे हैं। यह ग़लतफ़हमी उन्हें तब हुई,जब उन्हें यह ख़बर मिली कि नए क़ानून के बाद गधों की ख़रीद-फ़रोख़्त पर कोई प्रभार नहीं लिया जाएगा,जबकि घोड़ों की ख़रीददारी पर भारी कर लगेगा। अब जीएसटी माने कुछ भी हो,पर सरकार नहीं चाहती कि आम आदमी को व्यापार में नुक़सान उठाना पड़े। गधा आम आदमी के ज़्यादा काम आता है,इसलिए उस पर और बोझ नहीं लादा गया है।सरकार गधे और घोड़े दोनों का महत्व बख़ूबी जानती है। गधा हमेशा से बोझा ढोने वाला प्राणी रहा है। वह निहायत सहनशील और समझदार जीव है। बिना कोई सवाल किए ईंट,पत्थर और लकड़ी के गट्ठर समान भाव से ढोता रहता है।घोड़े की नस्ल ऊँची होती है और वह ख़ास लोगों के ही क़ाबू में आता है। घोड़े पर यूँ ही नहीं कुछ अल्लम-ग़ल्लम लादा जा सकता। न ही कोई ऐरा-गैरा उसकी सवारी गाँठ सकता है। उसकी लगाम वही थाम सकता है,जो ख़ुद बेलग़ाम होता है। घोड़े उन्हीं को अपने ऊपर लादते हैं,जो पहले से ही जनता की सेवा से लदे होते हैं। ऐसे में घोड़े के गिरने का ख़तरा बना रहता है। इससे जनसेवा का पूरा पैकेज धराशाई होने की आशंका रहती है। बाज़ार में इनकी क़ीमत ऊँची इसीलिए रखी जाती है कि,यदि ये गिरें तो भी मुँह सही-सलामत रहे। इसके उलट बाज़ार में गधों की माँग कभी नहीं रहती,जबकि इनकी आपूर्ति अधिक होती है। ‘अश्व खरीदी-बिक्री’ व ‘अश्व दौड़’ जैसी कुलीन परम्पराएँ और ‘अश्व ऊर्जा’ जैसी नैसर्गिक विशेषता गधों में देखने को नहीं मिलती। गधे न बिकते हैं न बिदकते हैं,जबकि घोड़े दोनों गुणों में पारंगत होते हैं। एक बार बिकने पर उतारु हो जाएं तो,सरकारें बना-बिगाड़ सकते हैं। उनमें ग़ज़ब की गति होती है।जहाँ ऊँची बोली लगी,वहीं हिनहिनाने लगते हैं।
रहन-सहन के मामले में भी दोनों में ज़मीन-आसमान का अंतर है। गधे खुले आसमान में विचरण करते हैं। वे कहीं भी लीद कर देते हैं इसीलिए उनकी मिट्टी पलीद होने का डर नहीं रहता। घोड़ों के लिए बक़ायदा अस्तबल होता है। वे उसके बिना नहीं रह सकते। पशुओं में घोड़े को आभिजात्य वर्ग का माना जाता है। प्राचीनकाल में यदि किसी राजा को चक्रवर्ती बनने की इच्छा प्रबल होती तो वह घोड़ा छोड़ता था। ‘अश्वमेध-यज्ञ’ संपूर्ण होने पर ही वह चक्रवर्ती सम्राट माना जाता था। आज भी उसकी शान बरक़रार है। यह प्राणी ओरों से अधिक संवेदनशील होता है। इसे सर्दी भी जल्द सताती है और गरमी भी,जबकि गधा सारे मौसमों से बेफिक्र होता है। बारिश हो या धूप,उसे अपने रूप के नष्ट होने की आशंका नहीं रहती। कहीं भी अपनी टाँगें पसार देता है। वह मान-अपमान से परे होता है। गधे का चेहरा हरदम भावशून्य रहता है। शायद इसीलिए उसको कोई भाव नहीं देता। यही वजह है कि,अभिनय के मामले में वह बिलकुल फिसड्डी होता है। भारी बोझा या टेढ़ी बात उसको विचलित नहीं करती।कितना भी बोझ लदा हो,तब भी उसके पास अतिरिक्त ‘स्थान’ होता है। दो-चार गालियों से उसका कुछ बिगड़ता नहीं।वह पलट के दुलत्ती भी नहीं लगाता।अपशब्द सुनना और तिरस्कार सहना उसकी आदत में शुमार है। इससे गधे की गुणवत्ता तो बढ़ती है,पर क़ीमत नहीं। ‘अबे गधे’ कहकर किसी की भी बाजार- कीमत जमींदोज की जा सकती है। इन विलक्षण गुणों के चलते वह संत-कोटि में आता है। अब ऐसे सीधे,निरीह और स्थितिप्रज्ञ जीव पर गरीबसेवी सरकार किस मुँह से अधिभार लगाए?
मुंशी प्रेमचंद ने इस जीव को बहुत पहले परख लिया था। वे इसको जानवरों में सबसे बुद्धिमान मानते थे,लेकिन आज भी यह आदमियों के बीच बेवक़ूफ़ समझा जाता है। सच तो यह है कि,बुद्धिमान से बेवक़ूफ़ कहीं अधिक दमदार होता है। उसमें न कोई बनावट होती है और न कोई मिलावट की जा सकती है। सरकार ने इसीलिए इसे ‘अमूल्य’ घोषित किया है।
दूसरी तरफ़ घोड़ा पूरी तरह यथार्थवादी होता है। बिदकने को लेकर उसके मन में कभी कोई सशोपंज नहीं होता। शादी-ब्याह में फूफा और जीजा की तरह उसका मन पता नहीं कब ख़राब हो जाए,इसलिए उस पर सेवा का ‘प्रकोप’ भी अधिक होता है। जब तक उसको ढंग से घास नहीं डाली जाती,वह शांत नहीं रहता। कहावत है,घोड़ा घास से यारी करेगा तो क्या खाएगा! इसी परम्परा को क़ायम रखने के लिए वह हमेशा कटिबद्ध रहता है। हरी-भरी घास के लिए वह कहीं भी और कभी भी मुँह मार सकता है। गधे पंजीरी फाँकते हैं और ख़ुश रहते हैं। ये आदमी की सेवा ख़ूब करते हैं,पर वो ’कौशल’ नहीं पैदा कर पाते,जिसमें घोड़े निपुण होते हैं। दोनों की तुलना कहाँ? ये मुँह खोलते हैं तो भी रेंकते हैं। वो हिनहिनाते भी हैं तो बयान झड़ते हैं। सेवा करना बड़े कौशल की बात है,इसीलिए गधों को सेवा-श्रेणी से बाहर रखा गया है और घोड़ों को अंदर।

                                                              #संतोष त्रिवेदी

परिचय : पैतृक स्थान दूलापुर(रायबरेली) में संतोष त्रिवेदी की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई हुई है। इसके बाद फ़तेहपुर से आईटीआई की ट्रेनिंग तथा बी.एड.(छिवलहा से)किया। कुछ दिन दल्ली-राजहरा(छत्तीसगढ़) में भी निवास किया। रायबरेली के चम्पतपुर (मनाखेड़ा) में अध्यापन कार्य करने के बाद 1994 से दिल्ली में अध्यापक हैं। ‘जनसत्ता’ का वर्षों तक नियमित पाठक रहकर आपने काफ़ी दिनों तक ‘चौपाल’ भी जमाई।आपकी हर संवेदनशील मुद्दे पर अपनी तरह से कहने की आदत है। आप २०१२ से सतत व्यंग्य लिख रहे हैं। कई अख़बारों-पत्रिकाओं में आपकी रचना(व्यंग्य) प्रकाशित हुई हैं।

matruadmin

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महामानव

Mon Jul 3 , 2017
ओ मानव तुम्हें क्या चाहिए…., शायद तुम खुशी ढूंढ़ते हो… दूसरो को रुलाकर,सताकर, दुख पहुंचाकर,अपने शब्दों से निरावृत कर- माँ-बहनों को सड़कों पर लाकर, तुम खुशी ढूंढ़ते हो….। पर, नहीं….नहीं…., कर लो यकीं.. खुशी यहाँ है नहीं। किसी दर्दे दिल की दवा बनकर तो देखो……। असहायों की दुआ बनकर तो […]

पसंदीदा साहित्य

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आपका जन्म 29 अप्रैल 1989 को सेंधवा, मध्यप्रदेश में पिता श्री सुरेश जैन व माता श्रीमती शोभा जैन के घर हुआ। आपका पैतृक घर धार जिले की कुक्षी तहसील में है। आप कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आपने अब तक 8 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है, जिसमें से 2 पुस्तकें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मातृभाषा डॉट कॉम, साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। डॉ. अर्पण जैन ने 21 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्डस, लन्दन द्वारा विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं और ख़बर हलचल न्यूज़ के संस्थापक व प्रधान संपादक हैं। हॉल ही में साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग द्वारा डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' को वर्ष 2020 के लिए फ़ेसबुक/ब्लॉग/नेट (पेज) हेतु अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।