कौव्वे हमारे पुरखों के सांस्कृतिक दूत

0 0
Read Time8 Minute, 45 Second
jayram shukl
पितरपख लगा है कौव्वे कहीं हेरे नहीं मिल रहे। इन पंद्रह दिनों में कौव्वे हमारे पितरों के साँस्कृतिक दूत बनके आते थे। अपने हिस्से का भोग लगाते थे।  कौव्वे पितर बनके तर गए या फिर पितरों ने ही कौव्वों को आने से मना कर दिया। मैंने मित्र से पूछा–आखिर क्या वजह हो सकती है। मित्र बोले- पहले झूठ बोलने वाले काले कौव्वे के काटने से डरा करते थे, क्योंकि ये मानते थे कि कौव्वे हमारे पुरखों के प्रतिनिधि हैं, ऊपर जाके बता देंगे कि तुम्हारे नाती पोते कितने झुट्ठे हैंं।
 बदले जमाने में आदमी ही काँव काँव करते एक दूसरे को चोंच मारने दौड़ रहा है। चौतरफा काँव काँव का इतना शोर मचा है कि कौव्वे आएं भी तो उसी शोर में गुम जाएं। मैंने कहा- आखिर कौव्वों का भी तो अपना चरित्र है तभी न भगवान् ने पितरों का प्रतिनिधि बनाया है। और फिर ये न्याय के देवता शनि महाराज के वाहक। लेकिन आप ठीक कहते हैं  इस अन्यायी समाज में भला उनकी पैठार कहाँ?
कौव्वे और कुत्ते मनुष्य के अत्यंत समीप रहने वाले पक्षी पशु हैं। पर कौव्वा हठी होता है, जमीर का पक्का। कुत्ता को रोटी बोटी दिखाओ, तलवे चाटने लगता है, दुम हिलाने लगता है। कौव्वा ..जहाँ हक न मिले वहां लूट सही ..पर यकीन करने वाला। भगवान् के हाथ से भी अपना हिस्सा छीनने की जिसके पास हिम्मत है। …रसखान बता गए ..काग के भाग बडो़ सजनी हरि हाँथ से लै गयो माखन रोटी। दब्बुओं के हाथ की भाग्य रेखा कभी नहीं उभरती। कर्मठ अपनी भाग्यरेखा खुद खींचते हैं। युगों से कौव्वे आदमी के बीच रहते आए पर स्वाभिमानी इतने कि  कभी इन्हें कोई पालतू गुलाम नहीं बना सका। इनकी आजाद ख्याली, बिंदास जिंदगी और स्वाभिमान  अपने आप में एक संदेश है।
एक सुभाषित श्लोक में कौव्वे को आदमी से श्रेष्ठ कहा गया है–
काक आह्वायते काकान् याचको न तु याचकः
  काक याचक येन मध्ये वरं काको न याचकः ।।
आदमी पैदाइशी भिखारी है। हाथ पसारे आता है, मुट्ठी बाँधे जाता है। कितना भी अमीर हो जाऐ मिलबाँटकर नहीं खाता। हड़पो जितना हड़प सको। ये हडपनीति हडप्पाकाल से चली आ रही है। कौव्वे का समाजवाद देखिए, एक रूखी रोटी का टुकड़ा भी मिल जाए काँव काँव करके पूरी बिरादरी को बुला लेता है। क्या अमीर क्या गरीब, क्या बलवान क्या निर्बल।
वैग्यानिक दृष्टि से भी पशु पक्षी  हमारे पुरखे हैं। इसलिए इन्हें वेदपुराणों से लेकर हर तरह के साहित्य व संस्कृति में श्रेष्ठता मिली है। पशु पक्षियों को निकाल दीजिए हमारी समूची लोकपरंपरा प्राणहीन हो जाएगी।
गरूड के नाम से एक पुराण ही है। इस गरुण पुराण में ही हमारी पितर संस्कृति का बखान है। लेकिन गरुड को ग्यान मिला कौव्वे से। ये रामचरित के कागभुशुण्डि कौन हैं..। ये गरुड के गुरूबाबा हैं।
आज हम जिस रामकथा का पारायण करते हैं। उज्ज्यिनी में इन्होंने ही गरुड को सुनाया था। कागभुशुण्डि का चरित्र उन सब के लिए सबक है जो चौबीसों घंंटे अपने ग्यान के गुमान में बौराए रहते हैं।
 कथा है कि उज्ज्यिनी में एक ब्राह्मण संत रहते थे। उन्होंने अपने शिष्य को पढ़ालिखाकर प्रकांड विद्वान बना दिया। शिष्य को घमंड हो गया। वह गुरू की अवग्या,अपमान करते हुए ग्यान के घमण्ड में मस्त रहने लगा। शंकरजी को गुरू के इस तरह के अपमान पर क्रोध आ गया। उन्होंने शिष्य को श्राप दे दिया।  शिष्य को उसकी करनी का फल मिला..लेकिन गुरू से अपने शिष्य की यह गति देखी नहीं गई। वे शंकर जी के चरणों में लोट गए …और शिवाजी की जो स्तुति की जिसके भाव को गोस्वामी जी ने प्रस्तुत किया वह अबतक की सर्वश्रेष्ठ स्तुति मानी जाती है–
नमामि शमीशान् निर्वाणरूपं, विभुं व्यापकं ब्रह्म वेदंस्वरूपं, निजं निर्गुणं निर्विकंल्पं नीरीहं…।
गुरु का शिष्य के लिए इतना उत्कट प्रेम। आज के गुरू हों तो शिष्य के समूचे करियर का सत्यानाश कर दें। हां तो जब शंकर जी प्रसन्न हुए तो गुरू के निवेदन पर सजा कम करते हुए निकृष्ट पक्षी कौव्वा बना दिया। यही कागभुशुण्डि हुए। एक निकृष्ट तिर्यक योनि पक्षी को भी कागभुशुण्डि ने पूज्य और सम्मानीय बना दिया। कागभुशुण्डि का चरित्र इस बात का प्रमाण है कि नीचकुल में जन्मने वाला भी उच्च प्रतिष्ठित और सम्मानित हो सकता है।
कौव्वे हमारी लोकसंस्कृति में ऐसे घुलेमिले हैं कि कथा, कहानी, गीत, संगीत जीवन के दुख और सुख में शोक और उत्सव में। पर आज हमने उनसे रिश्ता तोड़ सा लिया है। आज वे हमारे घर की मुडेरों पर बैठकर शगुन संदेश नहीं देते। कौव्वे के जरिये शिक्षाप्रद कहानियां नहीं सुनने को मिलतीं।
 हजारों साल पहले पं.विष्णु शर्मा ने पंचतंत्र की कहानियां रचीं थी। जिसके हर प्रमुख पात्र पशु पक्षी ही थे। कौव्वे की चतुराई को उन्हीं ने ताड़ा था। विष्णु शर्मा ऐसे गुरू थे जिन्होंने अपने शिष्यों को नीतिशास्त्र की शिक्षा पशुपक्षियों के माध्यम से ही दी। इसलिए हमारे लोकाचार में प्रत्येक पशुपक्षी के लिए सम्मानित जगह है।
 आज हम उनके निर्वसन में जुटे हैं। आंगन से भी निकाल दिया और मन से भी। वे अब कर्मकाण्ड के प्रतीक मात्र रह गए। रिश्ता टूट सा गया। वे मनुष्य की जुबान नहीं बोल सकते, पर कभी महसूस करिए कि उन्हें यदि हमारी जुबान मिल जाए तो वे क्या कहेंगे..? याद रखिये पशु पक्षियों की अवहेलना पुरखों की अवहेलना है, और इसका फल मरने के बाद सरग या नरक में नहीं इसी लोक में मिलेगा। (आज नया इंडिया में)
#जयराम शुक्ल
परिचय: जबलपुर निवासी जयराम शुक्ला जी तीस वर्ष तक सक्रिय पत्रकारिता में रहें| देशबंधु, दैनिक भास्कर, पीपुल्स समाचार व कई अन्य अखबारों में संपादकीय दायित्व के बाद अब बतौर प्राध्यापक माखनलाल राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि. में अध्यापन। 1985 से नियमित स्तंभ लेखन देशभर की पत्र पत्रिकाओं व पोर्टल में। पाँच हजार से भी ज्यादा लेख..। पुस्तक भी है लेकिन वन्यजीव पर.. Tale of the White tiger सफेद बाघ की कहानी। साँच कहै ता मारन धावै स्तंभ देश भर में चाव से पढ़ा जाता है। वनस्पति विग्यान, इतिहास में स्नातकोत्तर, विधि व पत्रकारिता में स्नातक। 
ReplyForward

matruadmin

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

*श्रृंगार*

Mon Oct 1 , 2018
श्रृंगार हमारी वसुधा का हो, या हो अपनी मातृभूमि का। भारत का  श्रृंगार  करें  हम, या हो अपनी जन्मभूमि का। धरती  का  श्रृंगार  पेड़  हैं, पर्यावरण हम शुद्ध बनाएँ। मातृभूमि के गौरव के हित, शत्रु शीश  काट कर  लाएँ। प्रिय  वतन  श्रृंगार  तिरंगा, लहर  लहर  वो   लहराए। जन्मभूमि का गीत […]

नया नया

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। साथ ही लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्में तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण जैन ने 30 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से डॉ. अर्पण जैन पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान व वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी है। साथ ही, भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आंदोलन भी चलाया है।