कहीं बहुत देर न हो जाए!

0 0
Read Time24 Minute, 57 Second

dr

यह लेख स्वतंत्र लेखन श्रेणी का लेख है। इस लेख में प्रयुक्त सामग्री, जैसे कि तथ्य, आँकड़े, विचार, चित्र आदि का, संपूर्ण उत्तरदायित्व इस लेख के लेखक / लेखकों का है, मातृभाषा.कॉम का नहीं।

दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन के बहाने ही सही एक ऐसी बहस तो शुरु हुई,जिसे बहुत पहले शुरू होना चाहिए था। यदि ऐसी कोई समाधानकारक बहस पहले छिड़ती तो शायद हिन्दी और भारतीय भाषाओं का ऐसा हश्र न होता जो पिछले कुछ वर्षों में हुआ है। यह बहस है भाषा बनाम साहित्य की। आज भारत में, भारतीय भाषाओं में और शायद सबसे बढ़कर हिन्दी में ऐसी स्थिति है कि साहित्य को भाषा का पर्याय मान लिया गया है। यूँ भी कह सकते हैं कि,साहित्य को ही भाषा मान लिया गया है। यहाँ तक कि साहित्य को भाषा से बढ़कर भी मान लिया गया है। यूँ तो किसी भी क्षेत्र के ज्ञान-विज्ञान की सामग्री साहित्य में आती है, और आनी भी चाहिए, जैसे वैज्ञानिक साहित्य, धार्मिक साहित्य तथा आर्थिक जगत का साहित्य आदि..लेकिन हमारे यहाँ साहित्य केवल ललित साहित्य तक सिमट तक रह गया। इसके चलते भाषा के प्रयोग के अन्य सभी स्रोत,जिनसे भाषा को खाद-पानी मिलता था एक –एक कर सूखते गए।क्या केवल साहित्य से ही भाषा है ? क्या केवल साहित्य (ललित साहित्य) ही भाषा है और क्या भाषा का प्रयोजन केवल साहित्य है ? अब समय आ गया है कि, इन बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाए,ताकि तेजी से सिकुड़ती विश्व की महान भाषाओं यानी हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं को सभी क्षेत्रों में इनका सही स्थान मिले और भाषा की ह्रास-प्रक्रिया को नियंत्रित कर प्रसार-पथ पर ले जाया जा सके।

कहा जाता है कि किसी भी भाषा का मीडिया उसके प्रचार-प्रसार और विकास का महत्वपूर्ण माध्यम होता है,लेकिन पिछले कुछ समय में समाचार-पत्रों में संपादकों की शक्तियाँ कम होने, मालिकों और प्रबंधन का हस्तक्षेप बढ़ने जैसे कई कारणों के चलते मीडिया की भाषा में भी काफी परिवर्तन हुआ है। प्रबंधन और विपणन में अंग्रेजीदां वर्ग का वर्चस्व बढ़ने से या फिर अपने को प्रगतिशील व आधुनिक जताने के लिए प्रयासरत पत्रकारों के चलते भारतीय भाषाओं के अंग्रेजीकरण ने हिन्दी व भारतीय भाषाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है । नई अवधारणाओं के लिए आगत शब्दों को स्वीकारने तक तो ठीक था, लेकिन चलते-फिरते जीवित व प्रचलित शब्दों को प्रचलन से बाहर कर उनके स्थान पर योजनाबद्ध रूप से अंग्रेजी शब्दों  को जबरन स्थापित करने और हिन्दी व भारतीय भाषाओं में  रोमन लिपि के प्रचलन को बढ़ावा देने की नीति भारतीय भाषाओं के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र जैसी प्रतीत होती है। इसके चलते हिन्दी और भारतीय भाषाओं को काफी नुकसान पहुंचा है। कुछ अपवाद छोड़ दें, तो मैंने भारतीय भाषाओं के पत्रकारों और साहित्यकारों को कभी इसके खिलाफ आवाज उठाते नहीं सुना। प्रबंधन की नीति के खिलाफ न जा सकने की विवशता मीडियाकमियों की हो सकती है,लेकिन लेखक, चिंतक और साहित्यकारों आदि की आत्मघाती चुप्पी कम चौंकाने वाली नहीं है। हिन्दी और भारतीय भाषा के लिए गठित संस्थाओं का मौन समर्थन भी इसके लिए जिम्मेवार है, लेकिन किसी भी स्तर पर इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने के प्रयास नहीं किए गए। इस विषय पर बहस होने के साथ-साथ शीघ्र उचित कदम उठाने की आवश्यकता हैl

पिछले कुछ समय से हिन्दी विभिन्न प्रयोजनों से लगातार कटते हुए मुख्यतः साहित्य और मनोरंजन में ही अपना अस्तित्व बनाए है। सामान्य व्यवहार में ललित साहित्य यानी कविता, कहानी, नाटक आदि को ही साहित्य माना जाता है। भाषा के नाम पर भी मुख्यतः यही साहित्य पढ़ा-पढ़ाया जाता है। ऐसा भी नहीं है कि, विभिन्न क्षेत्रों में हिन्दी भाषा के संकुचन का प्रभाव हिन्दी साहित्य पर न पड़ा हो। साहित्य को भी निरन्तर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पहली बात तो यह कि ,रचना के स्तर पर साहित्य में विशेषकर गद्य साहित्य यथा नाटक, एकांकी, निबंध, संस्मरण, रिपोर्ताज आदि का चलन काफी कम हुआ है तो,पद्य में छंदबद्ध साहित्य भी क्रमशः कम हुआ है। अगर देखें तो, आज साहित्य के नाम पर मुख्यतः कविता का वर्चस्व है। कविता के मंचों पर हास्य कविता का वर्चस्व है और हास्य कविता के नाम पर विशुद्ध चुटकुले परोसे जा रहे हैं, यहाँ तक कि अब चुटकुलों को तुकबद्ध करना भी आवश्यक नहीं समझा जाता है।  फिर ये चुटकुले भी  अक्सर मौलिक नहीं होते,प्राय: सोशल मीडिया या पत्र-पत्रिकाओं के ये चुटकुले सार्वजनिक संपत्ति की तरह होते हैं, जो चाहे सुना दे।

जिस प्रकार राजनीति में अपराधीकरण के चलते आगे चलकर अपराधी सीधे राजनीति में उतरने लगे हैं,ठीक उसी प्रकार कवि सम्मेलनों के मंच पर हास्य कलाकारों और मिमिक्री वालों ने जगह बनानी शुरू कर दी है। गायन के असफल कलाकार भी इधर का रुख कर रहे हैं। देखा जाए तो कुछ गलत भी नहीं, जब कथित हास्य कवि चोरी के चुटकुले सुनाएँ तो हास्य कविता के नाम पर मौलिक हास्य आइटम या मिमिक्री भी गलत नहीं, बल्कि बेहतर है चूंकि उसमें सृजनशीलता तो है। यदि इन्हें कविता न कहा जाए तो,हमें इनसे कोई एतराज भी नहीं है। मुंबई से प्रारंभ हुई यह लहर दलालों, नकली कवियों और हंसोड़ों के कंधों पर चढ़कर आज देशभर में पसरती जा रही है। कथित साहित्य के ऐसे मंच हास्यास्पद होकर साहित्य को मिटाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

अगर साहित्यिक कृतियों और रचनाओं के पठन-पाठन की और जनता से उसके जुड़ाव की बात करें तो, यहाँ भी स्थिति कम सोचनीय नहीं है। अगर साहित्यिक कार्यक्रमों की बात की जाए तो आप पाएँगे कि, इनमें अब प्रौढ़ और वृद्ध ही ज्यादा दिखेंगे। शेष में भी दो-चार कॉलेज के हिन्दी के विद्यार्थियों के अतिरिक्त कौन दिखता है ? रही पुस्तकों की बात, तो आज भी साहित्य या साहित्य-समीक्षा से संबंधित जो पुस्तकें छपती हैं उनका क्या होता है ? सरकारी नियमों के अंतर्गत पुस्तकालयों के लिए खरीदी पुस्तकों की धूल नहीं उतर पाती है। मुफ्त में वितरित साहित्यिक पुस्तकें भी अक्सर बिना खुले ही  रद्दी वाले तक पहुंच जाती हैं। साहित्यिक-विमर्श और समीक्षाएँआदि तो यूँ भी मुख्यतः हिन्दी शिक्षकों या कुछ गंभीर विद्यार्थियों तक ही सीमित रहती हैं। यानी  हिन्दी के संकुचन के प्रभाव से यह क्षेत्र भी अछूता नहीं है।

जनभाषा के रूप में अपने महत्वपूर्ण स्थान के चलते आज भी मनोरंजन जगत में हिन्दी की महत्वपूर्ण स्थिति है। हालांकि, वहाँ भी काफी जमीन खिसक गई है और रोमन लिपि और अंग्रेजी ने हिन्दी  सिनेमा में भी अपनी अच्छी खासी पैठ बना ली है,जिसने हिन्दी को भारी नुकसान पहुंचाया है। हिन्दी फिल्मों के संवाद प्राय: रोमन लिपि में लिखे जाते हैं। अनेक हिन्दी फिल्मों के नाम अंग्रेजी में रखे जाते हैं भाषा में अंग्रेजी की घुसपैठ के तो कहने ही क्या ? हिन्दी सिनेमा के कार्यक्रमों का संचालन और कलाकारों आदि के वक्तव्य आदि तक भी प्रायः अंग्रेजी में ही होते हैं। स्थिति यह है कि हिन्दी सिनेमा अपने व्यवसाय के लिए हिन्दी का प्रयोग तो कर रहा है, लेकिन इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की पृष्ठभूमि भी अंग्रेजी की है जिसके चलते ये हिन्दी को व्यावसायिक मजबूरी की तरह अपनाते हुए हिन्दी के अंग्रेजीकरण की ओर ही अग्रसर दिखते हैं। अगर यह कहा जाए,तो अनुचित न होगा कि जिस थाली में खा रहे हैं,उसी में छेद बना रहे हैं। ऐसी ही स्थितियाँ कमोबेश अन्य भारतीय भाषाओं के सिनेमा में भी हैं। कुल मिलाकर यह कि,यहाँ भी हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं को गंभीर चुनौतियों का सामना कर पड़ रहा है,लेकिन आज हिन्दी प्रयोजन के अधिकांश क्षेत्रों से कटती जा रही है। यही नहीं,भाषा-प्रौद्योगिकी के दौर में हिन्दी के लिए भाषा-प्रौद्योगिकी की सुविधाओं, सूचनाओं और तत्संबंधी जागरूकता और इसके प्रयोग के अभाव के कारण भी हिन्दी व भारतीय भाषाएँ पिछड़ती जा रही हैं। इंटरनेट पर भारत की महत्वपूर्ण उपस्थिति और विश्व में हिन्दी भाषियों की बहुत बड़ी तादाद के बावजूद इंटरनेट पर हिन्दी छोटी-छोटी भाषाओं से भी काफी पीछे है। हालाँकि, ‘वैश्विक हिन्दी सम्मेलन’ और ऐसी ही कई हिन्दी सेवी संस्थाओं और हिन्दी के लिए कार्यरत भाषा-प्रौद्योगिकीविदों व हिन्दी सेवियों के सघन प्रयासों से इस दिशा में कुछ सुधार हुआ है और हिन्दी की गाड़ी आगे बढ़ने लगी है। चिंता का विषय यह है कि, आज भी हिन्दी-साहित्य व शिक्षण से जुड़ा एक बड़ा वर्ग इस ओर अग्रसर नहीं हो रहा है। उनके लिए आज भी हिन्दी का मतलब केवल हिन्दी साहित्य है। आज भी स्कूल-कॉलेज आदि में भारतीय भाषाओं के लिए कम्प्यूटर, मोबाइल आदि उपकरणों पर भारतीय भाषाओं में कार्य की जानकारी पाठ्यक्रम में शामिल नहीं है। हालाँकि,यहाँ भी नवचेतना का संचार हुआ है और प्रगतिशील साहित्यकार व शिक्षक हिन्दी के लिए भाषा-प्रौद्योगिकी अपनाने के लिए या उसकी जागरूकता व प्रसार के लिए अग्रसर हुए हैं,लेकिन यह गति अब भी काफी धीमी है।

प्रश्न केवल हिन्दी अन्य भारतीय भाषाओं का नहीं है। दुनिया की जितनी भी भाषाएँ हैं उनकी उत्पत्ति का मूल कारण व्यवहार हेतु संवाद की आवश्यकताएँ ही रही हैं। सभ्यताओं के विकास के साथ-साथ और लोगों की विभिन्न आवश्यकताओं के अनुरूप कालान्तर में लिपि और भाषा के विभिन्न प्रयोजनमूलक स्वरूपों का और विकास होता गया। यह कहा जा सकता है कि, भाषा मानवीय आवश्यकताओं की अभिव्यक्ति के लिए प्रयुक्त भाषिक व्यवस्था है। भाषा जिस प्रयोजन का माध्यम बनती है उसकी आवश्यकताओं के अनुरूप शब्द, पद, रूप, शैली आदि सहित विभिन्न भाषिक विशेषताओं का विकास करती जाती है। अनेक शब्दों को विशेष अर्थ में रूढ़ करती है,प्रयोजन विशेष के पारिभाषिक शब्द भी गढ़ती है। इन विभिन्न रूपों में प्रारंभ में सामान्य व्यवहार के स्वरूप के अतिरिक्त वाणिज्य-व्यापार, ज्ञान-विज्ञान, शिक्षा -रोजगार और भावाभिव्यक्ति के लिए साहित्यिक रूप का विकास होता है। यही भाषा के विकास की स्वाभाविक प्रक्रिया है। भाषा-विज्ञानी इस प्रक्रिया का और बेहतर व सूक्ष्म विश्लेषण भी कर सकते हैं।

कहा गया है कि, भूखे भजन न होय गोपाला`। मनुष्य की प्राथमिक आवश्यकताओं के पश्चात ही साहित्य की बात आती है। यदि इतिहास में झांक कर देखें तो हम पाते हैं कि, भाषाओं के प्रसार और विकास में शिक्षा- रोजगार और व्यापार -व्यवसाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यही वजह रही कि,विदेशी शासकों द्वारा भारत में लाई गई अनजान भाषाओं ने भारत में अपना महत्वपूर्ण स्थान इसलिए बनाया,क्योंकि अपने समय में उन्होंने अपनी भाषाओं को पेट की और समृद्धि भाषा बनाया। अपनी भाषाओं के प्रति लगाव होने के बावजूद लोगों ने शिक्षा-रोजगार, व्यापार-वाणिज्य तथा ज्ञान-विज्ञान हेतु इन भाषाओं को अपनाया, लेकिन स्वतंत्रता के पश्चात, विशेषकर पिछले तीस-पैंतीस वर्षों में तमाम क्षेत्रों में अंग्रेजी का वर्चस्व इतनी तेजी से बढ़ा कि गाँव-गाँव तक और शैशवावस्था से ही अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा और सभी क्षेत्रों में अंग्रेजी का प्रयोग होने लगा, जिसके चलते स्थिति यह है कि नई पीढ़ियाँ अपनी भाषाओं से निरन्तर कटती जा रही हैं।

स्पष्टतः भाषा केवल संवाद का माध्यम मात्र नहीं है, वह केवल मनोरंजन और साहित्य के माध्यम तक भी सीमित नहीं है । भाषा शिक्षा – रोजगार, ज्ञान-विज्ञान, उद्योग-सेवा, व्यापार-व्यवसाय आदि का माध्यम भी होती है। इस प्रकार अब भाषा जीवन-यापन, समृद्धि, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा का माध्यम भी है जिसमें आर्थिक पक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है। इतिहास गवाह है कि इनसे कटने पर भाषा का प्रयोग-प्रसार और उसका विकास संभव नहीं है।

हिन्दी और भारतीय भाषाओं में इन्हीं कारणों से संकट गहरा रहा है।  यदि किसी वृक्ष की जड़ों को पोषण न मिले तो निश्चय ही वृक्ष सूखने लगेगा, पत्तियाँ मुरझाने लगेंगी, तो फिर ऐसे में उस पर पुष्प भी कब तक खिल सकेंगे ? मेरा यह मानना है कि भाषा के आर्थिक स्रोत खाद-पानी की तरह हैं जिनसे पौधे को पोषण मिलता है । ज्ञान-विज्ञान, उद्योग-सेवा, व्यापार-व्यवसाय आदि इसकी शाखाएँ हैं जिन पर कला-संस्कृति पल्लवित होती है, समृद्धि के फल प्राप्त होते हैं और साहित्य के पुष्प खिलते हैं। यदि वृक्ष को पोषण ही न मिलेगा, शाखाएं सूखने लगेंगी तो कला-संस्कृति कब तक पल्लवित होगी ? साहित्य के पुष्प कब तक खिलेंगे ? जड़ें सूख रही हों और हम केवल पत्तियों और पुष्पों को जल दें तो इससे न तो वृक्ष रहेगा और न ही पत्तियाँ और न ही पुष्प,लेकिन दुर्भाग्यवश हिन्दी और भारतीय भाषाओं के मामले में यही होता रहा है। हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं के आर्थिक स्रोत सूखते चले गए। ज्ञान-विज्ञान, उद्योग-सेवा, व्यापार-व्यवसाय आदि की विभिन्न शाखाएँ सूखती चली गईं और हम पत्तियों और पुष्पों को साहित्य अकादमियों आदि की कुछ फुहारों से सींचते रहे। जल के सभी स्रोत अंग्रेजी की तरफ मोड़ दिए गए और हम फुहारों का आनन्द लेते रहे। नतीजा हमारे सामने है,भाषा के नाम पर अब मनोरंजन और साहित्य ही दिखता है। उसमें भी ज्यादातर सतही और अब फूहड़ तुकबंदियों का समावेश है। अच्छे साहित्यकार या तो बचे नहीं, जो बचे भी तो साहित्यिक मंचों पर उनकी वैसी पूछ नहीं है। और यह हो भी कैसे, जब आर्थिक स्रोत सूख गए तो नई पीढ़ियों ने जीवन-यापन के लिए अंग्रेजी का रुख किया, जिससे लोगों का अपनी भाषाओं से नाता ही टूट गया। साहित्य  और साहित्य के मर्म को समझने वाले भी सिमटते जा रहे हैं।

जब रोम जल रहा था नीरो बंसी बजा रहा था। भाषा का वृक्ष सूखता गया और हम भाषा के विकास के नाम पर सिर्फ और सिर्फ कविता-कहानी और साहित्यिक धाराओँ के विमर्श में डूबे रहे। परिणाम जो होना था, वह हमारे सामने है। हिन्दी या भारतीय-भाषाओं में शिक्षण की बात तो लगभग समाप्त हो चुकी है । अब तो हिन्दी या मातृभाषा शिक्षण को भी औपचारिकता के लिए पढ़ा जाने लगा है। बड़ी संख्या में लोग इनके स्थान पर भी फ्रेंच और जर्मन पढ़वाने लगे हैं। आगे-आगे क्या होने वाला है,अनुमान लगाया जा सकता है।

स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर पर हिन्दी और भारतीय भाषाओं की माँग तेजी से घटी है। संख्या घटने के चलते हिन्दी विभाग बंद किए जाने की स्थितियाँ भी सामने आने लगी हैं। भारतीय-भाषा अध्ययन में  अब गंभीर विद्यार्थियों की कमी महसूस की जाने लगी है। अब ज्यादातर वे विद्यार्थी आने लगे हैं जिन्हें किसी अन्य विषय में दाखिला नहीं मिलता या जो शिक्षा की औपचारिकता पूरी करने में लगे हैं, पर इस समस्या के लिए कोई सजग दिखाई नहीं देता। शिक्षा जगत में भी इस ओर जागरूकता का अभाव है। ज्यादातर भाषाकर्मी भाषा के लिए उपलब्ध सूचना-प्रौद्योगिकी से अनभिज्ञ हैं।राजभाषा संबंधी प्रावधान केवल सरकारी क्षेत्र तक सिमटे हैं और उनमें भी बाध्यता के अभाव में औपचारिकताओं की अट्टालिकाएं बनती दिखती हैं या फिर मूल उद्देश्य से हटकर कविता-कहानी और गीत-संगीत के कार्यक्रमों में डूबे दिखते हैं। भाषा के विकास की ज्यादातर संस्थाएँ केवल कविता-कहानी की बंसी बजा रही हैं। सरकारी स्तर पर देश भर में भाषा की तमाम अकादमियाँ भी साहित्य तक सिमटी हैं। कविता-कहानी आदि के क्षेत्र में कार्य के लिए सरकारी व गैर सरकारी स्तर पर अनेक पुरस्कार व प्रोत्साहन योजनाएं हैं लेकिन भाषा प्रसार के लिए न तो सोच है, न दिशा है, न योजनाएँ हैं और न ही किसी प्रकार की प्रोत्साहन योजनाएँ है। इस पर विचार किया जाना चाहिए कि ये अकादमियाँ केवल साहित्य की नहीं, बल्कि भाषा की अकादमियाँ हों जो भाषा के चहुंमुखी विकास और विशेषकर विभिन्न क्षेत्रों में भाषा की माँग और प्रसार पर ध्यान दें। इसी प्रकार सभी योजनाएँ जो केवल साहित्य तक सिमटी हैं उनका भी भाषा प्रसार के क्षेत्र में विस्तार किया जाए और भाषा के प्रसार को प्राथमिकता देते हुए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाए ।

हिन्दी और भारतीय भाषाओं के मामले में पानी खतरे के निशान को कब का पार कर चुका है । भाषा डूबी तो अपने साथ साहित्य ही नहीं, हजारों वर्षों की प्राचीन संस्कृति, धर्म, अध्यात्म, हजारों वर्षों से संजोया ज्ञान-विज्ञान सब बहाकर ले जाएगी। चूंकि,राष्ट्रीयता का मूल आधार संस्कृति होती है इसलिए संस्कृति नष्ट होगी तो राष्ट्रीयता पर प्रभाव न पड़े यह संभव नहीं। अभी नहीं तो कभी नहीं, की स्थिति हमारे सामने हैं। कहीं बहुत देर न हो जाए, जागने, उठ खड़े होकर स्थिति का सामना करने का वक्त है।

भाषा से जुड़े सभी क्षेत्रों के विद्वानों और चितंकों से अनुरोध है कि, वे इस संबंध में विचार-मंथन करते हुए अपने विचार व सुझाव प्रस्तुत करें ताकि हिन्दी व भारतीय भाषाओं के प्रवाह का मार्ग प्रशस्त हो सके।

                                                                        #डॉ. एम.एल. गुप्ता ‘आदित्य’

matruadmin

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

माफ़ीनामा...

Tue Jan 31 , 2017
ये माफ़ीनामा, महज इक माफ़ीनामा है.. कोई निज़ाम का सूरज नहीं, कोई हौंसले की लहलहाती फसल नहीं, और न ही आने वाले वक़्त की किस्मत है ये.. ये महज़ माफ़ीनामा है, महज माफ़ीनामा। एक काल्पनिक दुनिया में लिखा गया माफ़ीनामा , जो फ़िर वक्त मिट गया,लेकिन जिसकी सदा न मिटी, […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आपका जन्म 29 अप्रैल 1989 को सेंधवा, मध्यप्रदेश में पिता श्री सुरेश जैन व माता श्रीमती शोभा जैन के घर हुआ। आपका पैतृक घर धार जिले की कुक्षी तहसील में है। आप कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आपने अब तक 8 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है, जिसमें से 2 पुस्तकें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मातृभाषा डॉट कॉम, साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। डॉ. अर्पण जैन ने 21 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्डस, लन्दन द्वारा विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं और ख़बर हलचल न्यूज़ के संस्थापक व प्रधान संपादक हैं। हॉल ही में साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग द्वारा डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' को वर्ष 2020 के लिए फ़ेसबुक/ब्लॉग/नेट (पेज) हेतु अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।