पूर्वोत्तर की लेखनी के हिंदी बोल

0 0
Read Time6 Minute, 5 Second

दुनिया में सर्वाधिक लोगों द्वारा बोली जाने वाली हिंदी भाषा अपने ही घर में विमाता बनाई गई है। गणतन्त्र भारत के सत्तर साल होने के बावजूद भी हिंदी को राजभाषा से राष्ट्रभाषा का छोटा सा सफर भी तय न करने दिया गया। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में राजनीतिक उथल पुथल मचाकर हर बार माँग को महत्वहीन बना दिया गया। जबकि सच्चाई यह है कि कुछ तथाकथित राजनीतिक गलियारे के बाहर हिंदी को भारी जनसमर्थन प्राप्त है। समस्त भारत ही नहीं बल्कि कुछ बाहरी देशों में भी हिंदी कम से कम सम्पर्क भाषा के रूप में अवश्य प्रतिष्ठित है। विशाल शब्दकोश और समृद्ध व्याकरण ने अन्य भाषा भाषियों को भी बहुत प्रभावित किया है।

आइए, पूर्वोत्तर के लेखक वर्ग का हिंदी के प्रति विचार जानने की कोशिश करते हैं। कार्बिआलांग निवासी समराज चौहान जो कि लेखन के साथ साथ स्नातक के छात्र भी हैं, कहते हैं किं, ” न दीवार, न ही सीमा, एक ही है स्वर, एक ही है रंग इसका। जो अनन्त हृदयों को जोड़े, वही सर्वोत्तम भाषा है।
हिंदी के स्वागत में सारी धरती डोल रही है।
अब तो पूर्वोत्तर से केवल हिंदी बोल रही है।।”

उम्र के सातवें दशक में भी हिंदी की सेवा में संलग्न रहने वाली गृहणी बिमला शर्मा बोधा जी जोरहाट से कहती हैं कि, ” पूर्वोत्तर के रचनाकार हिंदी में अपनी गहरी पकड़ व पहचान बनाने में प्रयासरत हैं। हिंदी पत्र – पत्रिकाओं में लेखन से लेकर शिक्षा क्षेत्र में भी इनके कदम मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।”

तिनसुकिया से डॉ ऋतु गोयल जो कि उम्दा गज़लकार भी हैं, मानती हैं कि, “पूर्वोत्तर के लोग अब अलगाव की मानसिकता को छोड़कर हिंद, हिंदी व हिंदी भाषी को अपने दिल में स्थान देने लगे हैं। अब ये जान चुके हैं कि सर्वांगीण विकास के लिए हिंदी के माध्यम से समस्त देश को एक आत्मीय सूत्र में बाँधा जाना चाहिए।”

जोरहाट, असम से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं सुविख्यात लेखिका डॉ रुणु बरुवा रागिनी चाहती हैं कि, “अनुवाद साहित्य को बढ़ावा देकर अंचल/प्रांत को हिंदी से समुचित तरीके से जोड़ा जा सकता है। इस दिशा में पहल करने की महती आवश्यकता है।”

हिंदी लेखन में रुचि रखने वाली लेखिका जयश्री शर्मा ज्योति जी पद्य में अपनी भावनाओं को व्यक्त करती हैं।
“पूर्वोत्तर के सातों प्रदेशों ने, हिंदी भाषा को अपनाया है।
अपनी भाषाओं के संग रख, इसे प्रेम से गले लगाया है।।”

शिक्षिका एवं लेखिका डॉ वाणी बरठाकुर विभा तेजपुर से विचार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि, “असम की संस्कृति बेहद प्राचीन एवं बहुत समृद्ध है। अगर इसे देश के कोने कोने में पहुँचाना है तो हिंदी में लिखना होगा। हिंदी न केवल एक भाषा है बल्कि समस्त भारत को जोड़ने का सूत्र भी है। मुझे गर्व है कि मैं हिंदी में ही ज्यादातर लिखती हूँ।”

सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कवि कृष्णा कोविद जी हिंदी की उत्पत्ति और वर्तमान में उसकी उपयोगिता को बताते हैं। “हमारे पूर्वोत्तर के बहुत से गुणी ज्ञानी साहित्यकार हिंदी भाषा को समृद्ध करने में बहुमूल्य योगदान कर रहे हैं। इनके प्रयासों से हिंदी वैश्विक स्तर पर सम्मानित हो रही है।”

कलियावर, असम में शिक्षिका के रूप में कार्यरत कल्पना देवी आत्रेय का हिंदी प्रेम कुछ यूँ छलक पड़ा, “हिंदी में जो मिठास और अपनापन झलकता है, दूसरी भाषा में नहीं। पूर्वोत्तर में कई संस्थाएँ पूरी निष्ठा से हिंदी के प्रचार प्रसार में लगी हैं।”

सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ चन्द्रकांता शर्मा जी पूर्वोत्तर में हिंदी के विकास की कहानी बहुत हर्षित होकर बताती हैं। ये कहती हैं कि, “कई भाषाओं की लिपि देवनागरी है जिससे हिंदी से अनायास ही सम्बंध जुड़ जाता है। हिंदी वह सेतु है जिसने पूर्वोत्तर को भीतर और बाहर दोनों जगहों पर जोड़ा है।”

न केवल पूर्वोत्तर के लोग बल्कि पूर्वोत्तर की भाषाओं ने भी खुले दिल से हिंदी को अपनाया है। एक प्रोफेसर ने जब कहा था कि ‘हिंदी हत्यारन है जो स्थानीय भाषाओं को लील जाती है’ तो पूर्वोत्तर के लोगों ने जोरदार तरीके से इस वक्तव्य का विरोध किया था। हिंदी को दूने उत्साह एवं अपनत्व के साथ अपनाया। अब हिंदी यहाँ की जनप्रिय भाषा बन रही है।

डॉ अवधेश कुमार अवध
मेघालय

matruadmin

Next Post

केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने सुनील चौरसिया को किया सम्मानित

Thu Sep 10 , 2020
केन्द्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय, नई दिल्ली एवं क्षेत्रीय कार्यालय तिनसुकिया, असम ने कोरोना काल के विषम परिस्थितियों में आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा जगत में  अपनी सराहनीय एवं महती भूमिका निभाने वाले देश के विभिन्न राज्यों के  25 सक्रिय एवं सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों की सूची में केंद्रीय विद्यालय टेंगा वैली, […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

आपका जन्म 29 अप्रैल 1989 को सेंधवा, मध्यप्रदेश में पिता श्री सुरेश जैन व माता श्रीमती शोभा जैन के घर हुआ। आपका पैतृक घर धार जिले की कुक्षी तहसील में है। आप कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आपने अब तक 8 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है, जिसमें से 2 पुस्तकें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मातृभाषा डॉट कॉम, साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। डॉ. अर्पण जैन ने 21 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्डस, लन्दन द्वारा विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं और ख़बर हलचल न्यूज़ के संस्थापक व प्रधान संपादक हैं। हॉल ही में साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग द्वारा डॉ. अर्पण जैन 'अविचल' को वर्ष 2020 के लिए फ़ेसबुक/ब्लॉग/नेट (पेज) हेतु अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।