सनद रहें ! देश में आम चुनाव है…

arpan jain

अफरा-तफरी का दौर शुरू हो गया, आवाजाही पर संदेह शुरू है, बैण्ड बाज़ा बारात भी तैयार है, हर तरफ चुनावी शौर है, वादों की बौछार है, कोई पिछले 70 सालों के हिसाब दे रहा है तो कोई पाँच सालों की खतौनी कर रहा हैं, कोई राज्य का विकास गिना रहा है तो कोई ऊँट के मुहँ में जीरे जैसा किसानों के कर्ज माफी को भुना रहा है, कही आतंक का सूपड़ा साफ बताया जा रहा है तो कोई सेना के शौर्य के सबूत मांग रहा है, कोई वैश्विक प्रगति दिखा रहा है तो कोई बढ़ती बेरोज़गारी बता रहा है, कोई आदमकद सरदार बता रहा है तो कोई यथावत मुँह बाहें खड़ी भुखमरी गिना रहा है, कोई साफ़ स्वच्छ शहर भुना रहा है तो कोई राफेल के घोटालों की स्वच्छता बता रहा है, कोई मुँह तोड़ जवाब दिखा रहा है तो कोई महागठबंधन को सार्वभौमिक स्वीकार बता रहा है। खैर सबके अपने-अपने विषय है, अपने-अपने मुद्दे, क्योकि देश में आम चुनाव हैं।

हर पांच साल में एक समय ऐसा आता ही है जब समूचा देश एक हो कर केवल सुनता है, भरोसा करता है, ठगा भी महसूस करता है, और खामोशी से अपने मत को दान कर आता है। परिणाम की परवाह तो रहती है पर उसके बाद आए खौखले भूचाल से जनमानस हतप्रद भी रह ही जाता है।

आज़ादी के बाद विगत 7 दशकों से तो यही क्रम यथावत चला आ रहा है, हर बार यही होता आया है, पहले भी घोटालों का अंबार था, अब भी है, आतंक की समस्या पहले दिन से बरकरार है, आज भी जीवित तो यही है, पहले भी वादे और वादाखिलाफी होती थी, आज भी वही यानी नया कुछ नहीं। पंच वर्षीय कार्यक्रमों की तरह चुनाव भी महज घोषणा पत्र होते जा रहे है। नागनाथ और साँपनाथ के बीच चयन की दुधारी तलवार पर चलना सदा से ही मतदाता का कार्य रहा है। इस बार भी यह मौका आ ही गया, जब जनता को चुनना होगा अपना नेता, अपनी सरकार और अपने साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति।

बहरहाल ये समय इतना कठिन होता है कि जनता विश्वास नहीं कर पाती कि कौन सही-कौन गलत। यत्र तत्र सर्वत्र केवल यही चकल्लस व्याप्त है कि अगला प्रधानमंत्री कौन, क्या 56 इंची सीना लौटेगा, क्या चौकीदार ने सही चौकीदारी की या फिर देश का पैसा लेकर भागने वालों की मदद की, या सर्वहारा वर्ग को छोड़कर उद्योगपतियों के दिल जीता। सवाल कई है, पर सवालों की जड़ में केवल विश्वास की खाद ही डाली जा रही है। विश्वास न करने के कई कारण है भी और विश्वास करने के भी। इन सब के बीच कहीं कुछ गायब है तो वो है मुद्दे। मुद्दों की राजनीति गौण है, और सवाल कहीं नजर नहीं आ रहे। देश का प्रधानमंत्री चौकीदार बनने पर आमादा है तो वही मंत्री परिषद सब के सब चौकीदार हो गए। अजीब किस्सागौई है देश में, जहाँ एक तरफ भूख और बेरोजगारी से जूझता देश वासी है तो दूसरी तरफ मंदिर-मस्ज़िद का मसला, आतंक का हश्र और फिर कहीं चौकीदार की कहानी खड़ी हुई है। आमचुनाव एक तरह से मतदाता के लिए तो सरदर्द ही लेकर आता है, नेता तो अपने भविष्य के लिए जद्दोजहद करता है, पर मतदाता लोक लुभावन वादों में फंस जाता है। अबकी बार मतदाता को जागरूकता और सजगता के साथ मतदान करना होगा। वर्ना अब मौका हाथ से जाने पर फिर देश पाँच साल पीछे चला जाएगा। जनता के दरबार में फिर आपका नेता आएगा हाजरी लगाने, पर जनता को समझदारी से चुनना है अपना नेता अपनी सरकार जो देश को विकास के रास्ते प्रगति पथ पर अग्रसर करें, अन्यथा राष्ट्र फिर विसंगति के दौर से हारेगा हर बार और कमजोर होगा।

#डॉ.अर्पण जैन ‘अविचल’

परिचय : डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ इन्दौर (म.प्र.) से खबर हलचल न्यूज के सम्पादक हैं, और पत्रकार होने के साथ-साथ शायर और स्तंभकार भी हैं। श्री जैन ने आंचलिक पत्रकारों पर ‘मेरे आंचलिक पत्रकार’ एवं साझा काव्य संग्रह ‘मातृभाषा एक युगमंच’ आदि पुस्तक भी लिखी है। अविचल ने अपनी कविताओं के माध्यम से समाज में स्त्री की पीड़ा, परिवेश का साहस और व्यवस्थाओं के खिलाफ तंज़ को बखूबी उकेरा है। इन्होंने आलेखों में ज़्यादातर पत्रकारिता का आधार आंचलिक पत्रकारिता को ही ज़्यादा लिखा है। यह मध्यप्रदेश के धार जिले की कुक्षी तहसील में पले-बढ़े और इंदौर को अपना कर्म क्षेत्र बनाया है। बेचलर ऑफ इंजीनियरिंग (कम्प्यूटर  साइंस) करने के बाद एमबीए और एम.जे.की डिग्री हासिल की एवं ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियों’ पर शोध किया है। कई पत्रकार संगठनों में राष्ट्रीय स्तर की ज़िम्मेदारियों से नवाज़े जा चुके अर्पण जैन ‘अविचल’ भारत के २१ राज्यों में अपनी टीम का संचालन कर रहे हैं। पत्रकारों के लिए बनाया गया भारत का पहला सोशल नेटवर्क और पत्रकारिता का विकीपीडिया (www.IndianReporters.com) भी जैन द्वारा ही संचालित किया जा रहा है।लेखक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तथा देश में हिन्दी भाषा के प्रचार हेतु हस्ताक्षर बदलो अभियान, भाषा समन्वय आदि का संचालन कर रहे हैं।

 

matruadmin

Next Post

गहरा दर्द

Mon Mar 18 , 2019
हाथ-पैर में लगे जो काँटा, वो तो सबको दिखता है | पर जो”अंतस”में चुभा है, वो न किसी को दिखता है | रह -रहकर जो टीस है देता, दिल कितना फिर रोता है | “अंतस ” में उस चुभे काँटे का, दर्द नहीं कोई देखता है | हाथ -पैर के […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।