गरीब खुश हुआ ,शाबासी देगा

 

 

pradeep upadhyay
गरीब तब भी खुश था जब कहा गया था कि दिल्ली से एक रूपया चलता है और गरीब तक पन्द्रह पैसे ही पहुँचते हैं।गरीब तब भी खुश हुआ था,शाबासी दी थी।गरीब आज भी खुश है जब कहा जा रहा है कि दिल्ली से एक रूपया चलता है और गरीब तक सौ पैसे पहुँच रहे हैं।वह आज भी खुश हुआ है और शाबाशी दे रहा है। क्योंकि उसकी यही खुशकिस्मती है कि रूपया उसके लिए चल कर आ रहा है कितना निकला है और कितना पहुँचा है इसका टेंशन वह पाल भी नहीं रहा है।पहले भी नहीं पाला,आगे भी नहीं पालेगा।गरीब जानता है कि उसे कोई हिसाब नहीं लगाना है।क्योंकि उसके हिसाब लगाने से होना भी क्या है।पहले भी जो कहा गया, वह भी सच ही रहा होगा और आज भी जो कहा जा रहा है उसे भी सच तो मानना ही पड़ेगा।आखिर वह इन बातों को झूठा कैसे साबित कर सकता है।

गरीब और गरीबी के मसीहा तो चहुंओर हैं।जो सरकार में हों वे भी और जो विरोध में हों वे भी! क्योंकि गरीबी शाश्वत है और गरीब भी शाश्वत है और इन्हें बनाए रखने वाले भी। ये दोनों अन्योन्याश्रित जो ठहरे।आदमी पैसे से अमीर हो भी जाए तब भी उसके साथ गरीबी जुड़ी रहना लाजमी है।उसे दिल से गरीब होना ही पड़ता है।इसीलिये जब जेब से खर्च करने की बात आएगी तो आदमी को अपने दिल की गरीबी का ख्याल आ जाता है और जब किसी ओर के पैसे खरचना हो तो दिल दरिया हो जाता है तब तो रूपये पैसे को दरिया की तरह बहाया जा सकता है।सरकारी खजाना भी कुछ इसी तरह का दरिया है जिसे उसके काबिजदार दरिया की तरह बहा देते हैं।हाँ, इस खजाने के साथ बपौती की बात इसलिए नहीं जोड़ी जा सकती क्योंकि बपौती का धन ऐसे नहीं बहाया जाता।

बहरहाल,पैसा तो अपनी गति से अपनी सही जगह पहुँच ही जाता है।यह तो दरिया के पानी जैसा है,जहाँ जगह मिली अपनी जगह बना ही लेता है।बहते पानी को भला कोई रोक सका है आजतक!

वैसे भी गरीब आदमी को इस बात से कोई सरोकार भी नहीं कि ऊपर से कितना पैसा चला और कितना उस तक पहुँचा।क्योंकि जिस तरह से भारतीय अर्थव्यवस्था मानसून पर निर्भर करती है ठीक उसी तरह से गरीब का चूल्हा दिल्ली और उसके जैसी अन्य दरियाओं से बहने वाले रूपये पर निर्भर करता है।रूपया बहेगा तो चूल्हा जलेगा।पानी भी ऊपर से नीचे की ओर बहता है तो दूसरी ओर रूपया भी ऊपर से नीचे की ओर ही आता है।कुछ पानी भूखी प्यासी जमीन सोख लेती है तो कुछ हवा संग उड़ जाता है ऐसा ही कुछ रूपये के साथ भी है।कुछ रूपया बड़े पेट वाले भूखे प्यासे लोग डकार लेते है और कुछ हवा में लहराता रहता है,ठीक बिन बरसे मानसूनी बादलों की तरह!जब रूपया गरीब के पास पहुँचता है तो वह उसके अन्नदाता के नाम का चढ़ावा अलग से रखता ही है।वैसै भी गरीब के हिसाब में तो सौ पैसे ही लिखे जायेंगे न।जिसके नाम का पैसा उसी के खाते में ही तो चढ़ेगा!भेंट पूजा,चढ़ावा कभी अलग से तो दर्शाया भी नहीं जाता है।वह उसी के खाते में लिखा जाएगा तब भी वह खुश है।कम से कम रूपया उसके लिए चलकर आ तो रहा है,उसका बहाव अवरुद्ध तो नहीं हुआ है।

परिचय

नाम- डॉ प्रदीप उपाध्याय

वर्तमान पता- 16,अम्बिका भवन,उपाध्याय नगर, मेंढकी रोड,देवास,म.प्र.

शिक्षा – स्नातकोत्तर

कार्यक्षेत्र- स्वतंत्र लेखन।शासकीय सेवा में प्रथम श्रेणी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त

विधा- कहानी,कविता, लघुकथा।मूल रूप से व्यंग्य लेखन

प्रकाशन- मौसमी भावनाएँ एवं सठियाने की दहलीज पर- दो व्यंग्य संग्रह प्रकाशित एवं दो व्यंग्य संग्रह प्रकाशनाधीन।

देवास(मध्यप्रदेश)

matruadmin

Next Post

राखी

Mon Aug 27 , 2018
एक राखी का बंधन , उन भाइयों के नाम , जिन्होंने दिलाया , देश को ऊँचा आयाम , एक राखी देश की ओर से , जिन्होंने किया है रक्षा , देश के हर छोर से , एक राखी उन शहीदों के नाम , जो मर मिटे देश की रक्षा में […]

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम समाचार पत्र के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्मे तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण ने 35 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। अब तक आप 15 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान, वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान, वर्ष 2025 में लघुकथा शोध केन्द्र भोपाल द्वारा विशिष्ट हिंदी सेवा सम्मान तथा वर्ष 2026 में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही, लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी हैं। भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर आंदोलन भी चलाया है। वर्तमान में आप देशभर में हिन्दी आन्दोलन का नेतृत्व करने के कारण हिन्दी योद्धा के रूप में पहचाने जाते हैं।