. 1
जागरूक होकर करो,मतदाता मतदान।
राजधर्म निर्वाह को, करिये ये शुभदान।।
. 2
सब कामों को छोड़कर,करना है यह काम।
एक दिवस मतदान का,बाकी दिन आराम।।
. 3
सही करो मतदान तो, हो उत्तम सरकार।
मन का प्रत्याशी चुनो,मत दे कर हर बार।।
. 4
डरो नहीं, झिझको नहीं, रहे प्रशासन संग।
अच्छा प्रत्याशी चुनो, लोकतंत्र के अंग।।
. 5
अब आलस को त्यागिए,चलो बूथ परआज।
निर्भय हो मतदान कर, लोकतंत्र के काज।।
. 6
मन से जो मतदान हो ,हो अच्छी सरकार।
कर चुनाव सरकार का,सुख से जीवन सार।।
. 7
पहचान पत्र साथ ले, जाना देने वोट।
आना नहीं है लोभ में,भय दारू या नोट।।
. 8
ई. वी. एम. मशीन से , करना है मतदान।
यह अपना अधिकार है,इसको सब ले जान।।
. 9
सब को प्रेरित कर चलो,करना है मतदान।
मत के बल सरकार है, लोकतंत्र की शान।।
. 10
निष्पक्षी मतदान से, हो चुनाव हर बार।
अच्छे नेता जीतकर, बने भली सरकार।।
. 11
लोकतंत्र की रीढ़ हो, मतदाता भगवान।
तुमसे ही सधते सदा,सब जन के अरमान।।
. 12
अच्छे लोगों को चुनो ,बने भली सरकार।
सबका साथ विकास हो,नव विचार संचार।।
. 13
सर्व मुख्य अधिकार है, लोकतंत्र मतदान।
इसका सद उपयोग हो,रहो मती अनजान।।
. 14
बी.एल.ओ. से बात कर ,नाम सूचना जान।
साथ रखो पहचान भी,फिर करना मतदान।।
. 15
झूँठे झाँसों से बचो, अंतर्मन की मान।
जाति पंथ को भूलकर,करना है मतदान।।
. 16
सभी प्रलोभन त्याग के,रख मन का ईमान।
अच्छे से अच्छा चुनें, मन से कर मतदान।।
. 17
नागरिकों के काम हो,ऐसी हो सरकार।
सबक सुने नुमाइंदा ,मतदाता मनुहार।।
. 18
मूल तत्व मतदान है,लोकतंत्र की शान।
निर्माता सरकार के ,मतदाता हैं जान।।
. 19
वर्ष अठारह आयु हो,लिख सूची मे नाम।
मतदाता बन नागरिक, वोट देय आराम।।
. 20
बहु बेटी सब साथ में , मतदाता अधिकार।
सोच समझ मतदान कर,सपने हों साकार।।
. 21
मत का सत उपयोग हो ,लोकतंत्र कें माँहि।
हो विकास नित ही नये,देश चमन हो जाँहि।।
. 22
मत की शक्ति अनूप है, करो वोट भरपूर।
जाति पाँति लालच बला,इनसे रहकर दूर।।
. 23
संसद और विधायिका,हैं सब मत के जोर।
जागरूक मतदान हो, सत प्रेरण पुरजोर।।
. 24
जनता के सेवक चुनो,कर्मठ और निष्काम्।
मतदाता भगवान हैं, जब चुनाव हों आम।।
. 25
बहकावें में दे दिया, तुमने गर जो वोट।
वर्षों तक पछताओगे, पड़े हकों पर चोट।।
. 26
दल दलदल में मत पड़ो,व्यक्ति चुनो महान।
लोकतंत्र मजबूत हो, हम भी लगें सुजान।।
. 27
मत की ताकत है बड़ी,समझ लेय मन माय।
एक वोट से हार हो , उनसे पूछो जाय।।
. 28
ईंट एक से एक जुड़,बने महल आकार।
एक एक मत से बने ,प्रजातंत्र सरकार।।
. 29
भावुकता में मत करो ,कभी यार मतदान।
बिना विचारे फैसला ,होती खुद की हान।।
. 30
उंगली पर स्याही लगे, यही वोट पहचान।
वरना मुँह कालिख लगे,खोटे ग्रहे समान।।
. 31
सावचेत होजा सखे, औरों को दे सीख।
मत देना अधिकार है,वोट नहीं है भीख।।
. 32
दल के बंधन में पड़े, अनचाहे हो लोग।
अपना मत न दीजिये, कर नोटा संजोग।।
. 33
बड़े छोट नेता बनेे,मतदाता की आस।
बुरे कभी न वोट दें,बने गले की फाँस।।
. 34
वादे करे लुभावने,फिर पाछे नहि आय।
उनको वोट न दीजिए,भेजो धूल चटाय।।
. 35
वोट हमारा कीमती,सोच समझ कर देय।
दौर चुनावी है यहाँ, भल नेता चुन लेय।।
. 36
ठीक परख मतदान कर,अंतर्मन समुझाय।
एक बार की चूक से, पाँच साल पछताय।।
. 37
मत अयोग्य को दें नहीं, चाहे हो वह खास।
वोट देय हम योग्य को,सब जन करते आस।।
. 38
समझे क्यों जागीर वे, जनमत के मत भूल।
उनको मत देना नहीं, जिनके नहीं उसूल।।
. 39
एक वोट शमशीर है, करे जीत और हार।
इसीलिए मतदान कर, एक वोट सरकार।।
. 40
मतदाता पहचान को, लेय कार्ड बनवाय।
निर्भय हो निर्णय करें, वोट देन को जाय।।
. 41
वर्ष अठारह होत ही,बी.एल.ओ पहि जाय।
मतदाता सूची बने, तुरतहि नाम लिखाय।।
. 42
अपना मत निर्णय करे, सत्य बात यह मान।
यही समझ के कीजिए,सोच समझ मतदान।
. 43
लोकतंत्र मे ही मिला, यह अनुपम उपहार।
अपने मत से हम चुनें, अपनी ही सरकार।।
. 44
भारत के हम नागरिक,मत अपना अनमोल।
संसद और विधायिका, चुनिए आँखे खोल।।
. 45
ई.वी.एम. को देखिए, चिन्ह चुनावी देख।
अंतर्मन से वोट दें , तर्जनि अंगुलि टेक।।
. 46
सबको यह समझाइए, देना वोट विवेक।
लोकतंत्र कायम रहे, चुनिए मानस नेक।।
. 47
बड़े बुजुर्गन साथ ले, चलना अपने बूथ।
मत का हक छोड़ें नहीं, चाहे भीड़ अकूथ।।
. 48
नर नारी दोनो चलें, पंक्ति भिन्न बनाय।
बारी बारी वोट दो, सबको यह समझाय।।
. 49
सबसे बड़ा जनतंत्र है, भारत देश महान।
मतदाता उसके बनें, यही हमारी शान।।
. 50
जन प्रतिनिधि सारे चुने,अपने मत से आप।
फिर कैसा डर आपको, कैसा पश्चाताप।।
. 51
सगा सनेही मीत जन, सबको यह समझाय।
अपना हक मतदान है,विरथा कभी न जाय।।
. 52
हार जीत के लग रहे, जहाँ, तहाँ अनुमान।
मन से कर मतदान तू, लोकतंत्र सम्मान।।
. 53
जनता के आशीष से, जनमत की सरकार।
जागरूक मतदान हो, फैले नहीं विकार।।
. 54
जनमत का आदर करे, नेता होय सुजान।
बिना लोभ सद्भाव से, कर देना मतदान।।
. 55
बहुत कीमती वोट है, सोच समझ कर दान।
परचम पहरे जीत का, वोट वोट का मान।।
. 56
दल भी चिंतन कर रहे, मिले जिताऊ लोग।
चिंतन कर मतदान कर, तभी मिटे भव रोग।।
. 57
राजनीति के खेल में, लोकतंत्र वरदान।
लोकतंत्र के हित करो, सभी लोग मतदान।।
. 58
श्वेत वसन धारण करे, तुलसी माला कंठ।
विषय भोग में डूबते, कुछ नेता आकंठ।।
. 59
मतदाता कुछ सोचते, नोटा एक प्रयोग।
खारिज सबको कर रहे, राजनीति संयोग।।
. 60
झंझावत भी झेलते, होते लोक चुनाव।
बागी रूठे दलों से, उनके चले मनाव।।
. 61
स्वस्थ बने सरकार भी, करना एक उपाय।
सबको ही जागृत करो, मत देने को जाय।।
. 62
मन से जब मतदान हो, देश हितैषी काम।
नेता चुने सुजान तो, सुखी रहे आवाम्।।
. 63
जाति पंथ मजहब सभी,चले चुनावी दाव।
मत देना अधिकार से, सोच देश हित भाव।।
. 64
धनबल भुजबल से लड़े, नेता कई चुनाव।
गुप्त रखो मतदान को, आए प्रकट प्रभाव।।
. 65
शिक्षित सभ्य सदस्य हो,विज्ञ और गुणवान।
उनके ही हित मे करो,आप स्वजन मतदान।।
. 66
मनमानी सरकार की, मत से रोक सुजान।
पासा पलटे भावि का, सोच समझ मतदान।।
. 67
दागी नेता दूर कर, साँचे को मतदान।
नेता माने सत्य ही, जनता का अहसान।।
. 68
नव मतदाता चतुर हैं, शक्ति युवा अपार।
मत की शक्ति जान कर, देना सोच विचार।।
. 69
जाति धर्म की बात पर,मत करना मतदान।
निर्भय मन से वोट दो, भारत देश महान।।
. 70
अंधे बूढ़े लोग जो, होते हैं हैरान।
उनको भी लो साथ में, करना है मतदान।।
. 71
दिव्यांगों के हित बने,सुविधा विविध प्रकार।
सभी करें मतदान तो, अपना है अधिकार।।
. 72
अपने भारत देश में, मने खूब त्यौहार।
लोकतंत्र का पर्व जब, चुने भली सरकार।।
. 73
पर्व सभी देते खुशी, संविधान अधिकार।
वोट अगर डालें सभी, तभी पर्व साकार।।
. 74
होली का संदेश है, करो बुराई दूर।
लोकतंत्र का मान हो, वोट पड़े भरपूर।।
. 75
सबको गले लगा सखे,होली करो हुलास।
जागरूक मतदान है, जनता का विश्वास।।
. 76
नया आज संकल्प लें, करें बुराई त्याग।
सब को देना वोट है, लोकतंत्र की माँग।।
. 77
होली होनी है सखे, जल मत कर बर्बाद।
सोच समझकर वोट दें, तब होली आबाद।।
. 78
रंग अबीर गुलाल से, खेली होली खूब।
लोकतंत्र मतदान से, चुन सरकार बखूब।।
. 79
रंग लगाओ सोच कर, करना है मतदान।
शुभ होली संकल्प लो, करना देश महान।।
. 80
अवगुण की होली जला,मानवता हित मान।
जनहित में संकल्प से, करना है मतदान।।
. 81
होली जलने में सदा, बचा रहे प्रल्हाद।
सत्य राह मतदान से,जनगण मन आल्हाद।।
. 82
होली पर शुभकामना, बढे वतन सम्मान।
सबको लेकर साथ में, करना सब मतदान।।
. 83
अपना भारत अमर हो, अमर तिरंगा मान।
संविधान की भावना, सबका हक मतदान।।
. 84
सैनिक भारत देश के, साहस रखे अकूत।
सबका हित मतदान से, सच्चे वीर सपूत।।
. 85
रक्षित मेरा देश है, बलबूते जाँबाज।
लोकतंत्र सिरमौर है, मतदाता सरताज।।
. 86
विविध मिले हो एकता, इन्द्रधनुष सतरंग।
जागरूक मतदान से, रखते मान त्रिरंग।।
. 87
जय जवान की वीरता, धीरज वीर किसान।
लोकतंत्र मतदान से, आज विश्व पहचान।।
. 88
संविधान है आतमा, संसद हाथ हजार।
मात भारती शान हित,कर मतदान विचार।।
. 89
मेरे प्यारे देश के, रक्षक धन्य सपूत।
मत देवें सब नागरिक, मात भारती पूत।।
. 90
रीत प्रीत सम्मान की, बलिदानी सौगात।
वोट देय सम्मान कर, मात भारती गात।।
. 91
वेदों में विज्ञान है, कण कण में भगवान।
सैनिक और किसान सब,खूब करें मतदान।।
. 92
आजादी गणतंत्र की, बनी रहे सिरमौर।
लोकतंत्र फूले फले, वोट करो पुरजोर।।
. 93
मेरे अपने देश हित, रहना मेरा मान।
जीवन अर्पण देश को, पर पहले मतदान।।
. 94
*मेरा* भारत हो सदा,विकसित अरु गतिमान।
*राष्ट्र* भक्ति की भावना, जागरूक मतदान।।
. 95
*भारत* अपना हो सदा, दुनिया में सिरमौर।
*रखें* मान मतदान का, पीछे खाएँ कौर।।
. 96
*तहजीबें* ऊँची सदा, सत्य अहिंसा राह।
समरस हो मतदान में, ईश्वर अरु अल्लाह।।
. 97
*हाल* सभी के हों भले,रखलें सत अभिमान।
*नमन* शहीदों को करें, सोच समझ मतदान।।
. 98
नारी शक्ति हित रहे, मान और ईमान।
बिटिया के सम्मान हित,कर मानस मतदान।।
. 99
लोकतंत्र जिन्दा रहे ,जन हेतु संविधान।
संसद और विधायिका, जागरूक मतदान।।
. 100
शासन सुखदायक बने, लगे न दिल्ली दूर।
कनक विहग सम्मान हो, वोट करो भरपूर।।
. 101
विश्व गुरू दर्जा बने, भारत रहे महान।
शर्मा बाबू लाल कहि, खूब करो मतदान।।
नाम– बाबू लाल शर्मा
साहित्यिक उपनाम- बौहरा
जन्म स्थान – सिकन्दरा, दौसा(राज.)
वर्तमान पता- सिकन्दरा, दौसा (राज.)
राज्य- राजस्थान
शिक्षा-M.A, B.ED.
कार्यक्षेत्र- व.अध्यापक,राजकीय सेवा
सामाजिक क्षेत्र- बेटी बचाओ ..बेटी पढाओ अभियान,सामाजिक सुधार
लेखन विधा -कविता, कहानी,उपन्यास,दोहे
सम्मान-शिक्षा एवं साक्षरता के क्षेत्र मे पुरस्कृत
अन्य उपलब्धियाँ- स्वैच्छिक.. बेटी बचाओ.. बेटी पढाओ अभियान
लेखन का उद्देश्य-विद्यार्थी-बेटियों के हितार्थ,हिन्दी सेवा एवं स्वान्तः सुखायः