राष्ट्रवादी ‘केलिडोस्कोप’ के बिम्बों में आपातकाल के साए

0 0
Read Time7 Minute, 2 Second
umesh trivedi
मप्र सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के शंखनाद के पहले ढाई महिनों के राजनीतिक घटनाक्रमों की समीक्षा में भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी के इस कथन की पुष्टि होने लगी है कि आपातकाल को पोषित करने वाली प्रवृत्तियां खत्म नहीं हुई हैं, बल्कि ज्यादा शिदद्त के साथ सक्रिय हैं। लोकतंत्र के चेहरे पर गहराती मलिनता परिचायक है कि देश की लोकतांत्रिक रगों में तानाशाही के जीवाणु अपना असर दिखाने लगे हैं। आपातकाल की चालीसवीं सालगिरह पर जब आडवाणी ने इस ओर उंगली उठाई थी, तब उन कारकों का जिक्र नहीं किया था जो आपातकाल जैसी परिस्थितियों का निर्माण करते है।
लोकतंत्र में सत्ता की लोलुपता तानाशाह प्रवृतियों का सबसे बड़ा कारक होती है। वो शासक, जो खुद को कमजोर महसूस करते हैं या जानते हैं कि मतदान के जरिए सत्ता में उनका वापसी संभव नहीं है, लोकतंत्र के लिए खतरनाक साबित होते हैं। 1975 में आपातकाल का सबब यही था कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद भी इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री की कुर्सी नहीं छोड़ना चाहती थीं। कुर्सी की यही चाहत आपातकाल के रूप में सामने आई थी। सवाल यह है कि मौजूदा समय में यशवंत सिन्हा, अरूण शौरी या शत्रुघ्न सिन्हा जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेता तक यह क्यों कहने लगे हैं कि देश अघोषित आपातकाल के शिकंजे में फंस चुका है? (सिटीजंस फॉर डेमोक्रेसी, पणजी, 9 मई, 2018) अथवा सुप्रीम कोर्ट के चार वरिष्ठ न्यायमूर्ति सरेआम प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर यह क्यों कह रहे हैं कि सर्वोच्च न्यायिक संस्था में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने इंदिरा गांधी जैसा कुर्सी का संकट मौजूद नहीं हैं। संकट की यह थ्योरी इसलिए भी खारिज हो जाती है कि बीते 28 वर्षों में अपने बलबूते पर बहुमत हासिल करने वाले वो पहले ताकतवर राजनेता हैं। केन्द्र में शासन-प्रशासन के गलियारों में उनकी मर्जी के बगैर हवाओं के लिए भी सांस लेना मुश्किल है। इक्कीस राज्यों में उनकी सल्तनत है। कोई संकट नहीं होने के बावजूद किन आशंकाओं के वशीभूत सत्ता और सरकार निरंकुश एकाधिकार की ओर मुखातिब हैं? लोगों को सत्ता के गलियारों में अघोषित आपातकाल के साए मंडराते महसूस क्यों हो रहे हैं?
इंदिराजी ने आपातकाल का  राजनीतिक तानाबाना एकता, अखंडता, प्रधानमंत्री की संस्था एवं निर्वाचित सरकारों की मान-मर्यादाओं के हनन के काले तारों से बुना था। मोदी पर अघोषित आपातकाल के कथित आरोपों की समीक्षा से पहले यशवंत सिन्हा के इस ’ऑब्जर्वेशन’ पर गौर करना जरूरी है कि ’इंदिरा गांधी द्वारा आरोपित आपातकाल राजनीतिक प्रवृत्ति का था, लेकिन वर्तमान अघोषित आपातकाल में तो राजनीति में जहर घोला जा रहा है, जो देश के स्वास्थ्य के लिए बहुत ही खतरनाक है।’  दिलचस्प यह है कि भारत में राजनेताओं की तानाशाह या निरंकुश प्रवृत्तियों के पोषण के लिए राष्ट्रवाद के कई ’कलरफुल’ ’केलिडोस्कोप’ उपलब्ध हैं, जहां लोकतंत्र की काल्पनिक संरचनांओं के इतने रंगीन दृश्य उभरते हैं कि सही-गलत में फर्क करना मुश्किल हो जाता है। लोग मंत्रमुग्ध होकर प्रतिबिम्बों के स्वर्ण मृगों के पीछे दौड़ते रहते हैं। (केलिडोस्कोप एक ऑप्टिकल इंस्ट्रूमेंट है, जिसमें भिन्न-कोणों पर लगे मिरर पर रिफलेक्शन द्वारा निर्मित रंगीन पैटर्न दिखते हैं)। राष्ट्रवाद का यही ’केलिडोस्कोप’ लोगों को भ्रमित और भयभीत कर रहा है, क्योंकि इसमें उभरते पैटर्न लोकतंत्र के मान्य रंगों को खारिज कर रहे हैं। समझना मुश्किल है कि मौजूदा सरकार द्वारा परिभाषित और प्रेरित राष्ट्रवाद की कसौटियां किसी नागरिक के मामूली से काम को कब, किस वक्त खारिज कर दें? एक मामूली सवाल आपके देशद्रोही होने का सबब हो सकता है। राष्ट्रवाद के ’केलिडोस्कोप’ में राजनीति का नया पैटर्न उभर रहा है कि अब सेना भी राजनीतिक सवालों के उत्तर देने लगी है। रफाल मामले में एयरचीफ मार्शल वीरेन्द्रसिंह धनोआ की पत्रकार-वार्ता नए राजनीतिक-पैटर्न का ताजा सबूत है। थलसेना अध्यक्ष बिपिन रावत की जुबां की तासीर भी अब राजनीतिक होने लगी है। सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पिघलने लगी है। लोकसभा की राजनीतिक रागिनी के सुर भी कुंद होने लगे हैं। कथनी और करनी में फर्क यह है कि पंद्रह महिलाओं के आरोपों के बाद भी विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर की कुर्सी बरकरार है। उस लोकतंत्र को क्या कहेंगे, जहां शासक आरोपों से परे हों, जवाब के लिए बाध्य नहीं हों? शायद लालकृष्ण आडवाणी आपातकाल के संदर्भ में इसी निरंकुशता की ओर इशारा कर रहे थे।
#उमेश त्रिवेदी 
 परिचय-  भोपाल (मध्यप्रदेश) निवासी उमेश त्रिवेदी जी वरिष्ठ पत्रकार एवं सुबह सवेरे के प्रधान संपादक है।

matruadmin

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

  जय माँ महागौरी 

Tue Oct 16 , 2018
नवरात्र अष्टम स्वरूप माँ महागौरी …….. महामाया,गौरवर्ण लिए मुख पर कांति महागौरी शीतल मन सकल हैं, शांति अष्टम रुप महागौरी । चतुर्भुजा,वृषभ सवारी आलौकिक सिद्धि शक्ति श्रीफल का नैवेद्य प्रिय देती सुफल माँ महागौरी ।। दुष्टों को दंड देने रौद्र रुप में दंडार्थ देवी भ्रामरी भक्त वत्सला है,ममता सलिला हैं […]

नया नया

संस्थापक एवं सम्पादक

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ख़बर हलचल न्यूज़, मातृभाषा डॉट कॉम व साहित्यग्राम पत्रिका के संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु देशभर में हिन्दी भाषा के प्रचार, प्रसार और विस्तार के लिए निरंतर कार्यरत हैं। साथ ही लगभग दो दशकों से हिन्दी पत्रकारिता में सक्रिय डॉ. जैन के नेतृत्व में पत्रकारिता के उन्नयन के लिए भी कई अभियान चलाए गए। आप 29 अप्रैल को जन्में तथा कम्प्यूटर साइंस विषय से बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग (बीई-कम्प्यूटर साइंस) में स्नातक होने के साथ आपने एमबीए किया तथा एम.जे. एम सी की पढ़ाई भी की। उसके बाद ‘भारतीय पत्रकारिता और वैश्विक चुनौतियाँ’ विषय पर अपना शोध कार्य करके पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्पण जैन ने 30 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर हिन्दी में परिवर्तित करवाए, जिसके कारण आपको विश्व कीर्तिमान प्रदान किया गया। साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2020 के अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार से डॉ. अर्पण जैन पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही, आपको वर्ष 2023 में जम्मू कश्मीर साहित्य एवं कला अकादमी व वादीज़ हिन्दी शिक्षा समिति ने अक्षर सम्मान व वर्ष 2024 में प्रभासाक्षी द्वारा हिन्दी सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा आप सॉफ़्टवेयर कम्पनी सेन्स टेक्नोलॉजीस के सीईओ हैं, साथ ही लगातार समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता रखते हैं। कई दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों व न्यूज़ चैनल में आपने सेवाएँ दी है। साथ ही, भारतभर में आपने हज़ारों पत्रकारों को संगठित कर पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आंदोलन भी चलाया है।